Bahraich News : यूजीसी प्रावधानों के विरोध में स्वर्ण आर्मी का प्रदर्शन, आर्थिक आधार पर आरक्षण की मांग
मांगें पूरी न होने पर देशव्यापी आंदोलन की चेतावनी
स्वर्ण आर्मी के कार्यकर्ताओं ने अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (एससी/एसटी) अधिनियम में आवश्यक सुधार और बदलाव किए जाने की भी मांग उठाई। इसके साथ ही संगठन ने आरक्षण व्यवस्था को जातिगत आधार के बजाय आर्थिक स्थिति और गरीबी के आधार पर लागू करने की मांग की।
बहराइच, अमृत विचार। यूजीसी (विश्वविद्यालय अनुदान आयोग) के प्रावधानों के विरोध में गुरुवार को स्वर्ण आर्मी के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने जमीन पर बैठकर नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की। प्रदर्शन के बाद संगठन के प्रतिनिधियों ने एसडीएम को मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शनकारियों ने यूजीसी के मौजूदा प्रावधानों को वापस लेने की मांग करते हुए इसे ‘काला कानून’ बताया। उनका आरोप था कि इन प्रावधानों से समाज में असमानता को बढ़ावा मिल रहा है। संगठन ने सरकार से इस मामले में गंभीरता से विचार करने की मांग की।
एससी-एसटी एक्ट में बदलाव की मांग
स्वर्ण आर्मी के कार्यकर्ताओं ने अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (एससी/एसटी) अधिनियम में आवश्यक सुधार और बदलाव किए जाने की भी मांग उठाई। इसके साथ ही संगठन ने आरक्षण व्यवस्था को जातिगत आधार के बजाय आर्थिक स्थिति और गरीबी के आधार पर लागू करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि आरक्षण का लाभ आर्थिक रूप से जरूरतमंद लोगों तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने सरकार से मौजूदा व्यवस्था की समीक्षा कर आर्थिक आधार को प्राथमिकता देने की मांग की।
मांगें पूरी न होने पर देशव्यापी आंदोलन की चेतावनी
कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। मांगें पूरी नहीं होने पर संगठन ने देशव्यापी आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी। प्रदर्शन के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में संगठन के कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की।
इस दौरान विजय राज शुक्ला, राष्ट्रीय महासचिव जयंकर सिंह, जिला महासचिव दयाशंकर पांडेय, देवीपाटन मंडल उपाध्यक्ष शिवराज सिंह, जिला मीडिया प्रभारी राजकुमार शर्मा, जिला उपाध्यक्ष यावेद मिश्रा, सत्यप्रकाश अवस्थी, अनमोल तिवारी, राम स्वरूप मिश्रा, लालजी पांडेय समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
यह भी पढ़ेंः Janmashtami 2026: जन्माष्टमी पर बन रहा खास संयोग, जानें कब होगा कान्हा का जन्मोत्सव और पूजा का शुभ मुहूर्त
