Bareilly News : जन्माष्टमी पर रामायण मंदिर में दिखेगी अनूठी सांस्कृतिक छटा, 180 मिनट में 100 से अधिक बच्चे देंगे मनमोहक प्रस्तुति
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर 'छावा' मूवी के शिवाजी महाराज का होगा मंचन, सजेंगे बांके बिहारी
बरेली के रामायण मंदिर में इस बार जन्माष्टमी बेहद खास होगी। 100 से अधिक बच्चे 180 मिनट तक अपनी अनूठी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे।
बरेली, अमृत विचार। शहर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व को खास और भव्य बनाने के लिए तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। प्रमुख मंदिरों, जिनमें हरि मंदिर, श्री बांके बिहारी मंदिर और सनातन धर्म मंदिर शामिल हैं, में सजावट को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस बार माधोबाड़ी स्थित रामायण मंदिर में जन्माष्टमी का कार्यक्रम बेहद खास होने वाला है, जहां 100 से अधिक बच्चे अपनी मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे।
45 दिनों से चल रही रिहर्सल, गोल्ड मेडलिस्ट सिखा रहे गुर
रामायण मंदिर में जन्माष्टमी के दिन आयोजित होने वाले 180 मिनट (तीन घंटे) के विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए 100 बच्चे पिछले 45 दिनों से लगातार कड़ी मेहनत कर रहे हैं। मंदिर के अध्यक्ष अनिल अरोरा ने बताया कि बच्चों को गोल्ड मेडलिस्ट कोरियोग्राफर आशीष मिश्रा, मनदीप और कीर्ति द्वारा प्रशिक्षित किया जा रहा है। ये विशेषज्ञ कोरियोग्राफर बच्चों को भगवान श्रीकृष्ण और रामायण से जुड़े विभिन्न प्रसंगों पर आधारित प्रस्तुतियों के साथ-साथ भक्ति गीतों पर नृत्य की बारीकियां सिखा रहे हैं।
'छावा' मूवी के शिवाजी महाराज के दृश्य का होगा मंचन
इस बार जन्माष्टमी के कार्यक्रम में कुछ नए और आकर्षक तत्व भी जोड़े गए हैं। सचिव नवीन अरोरा ने बताया कि भगवान की लीलाओं के साथ-साथ इस बार 'छावा' मूवी के वीर शिवाजी महाराज से जुड़े एक विशेष दृश्य का भी भव्य मंचन किया जाएगा। यह प्रस्तुति कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण होगी। प्रभारी दिनेश अरोरा के मुताबिक, पूरे कार्यक्रम को आकर्षक और भव्य बनाने के लिए बच्चे लगातार रिहर्सल कर रहे हैं, ताकि जन्माष्टमी की रात श्रद्धालु एक अद्भुत सांस्कृतिक छटा का आनंद ले सकें।
बांके बिहारी मंदिर में सजेगा फूल बंगला
रामायण मंदिर के अलावा, शहर के श्री बांके बिहारी मंदिर में भी कान्हा के जन्मोत्सव को लेकर भारी उत्साह है। बांके बिहारी मंदिर में विशेष फूल बंगला सजाने और पूरे मंदिर परिसर को भव्यता के साथ रोशन करने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शुक्रवार रात 12 बजे कान्हा के जन्म के साथ ही शहर के सभी मंदिरों में उत्सवी माहौल चरम पर होगा।
ये भी पढ़ें - Budaun News : कान्हा के जन्मोत्सव को सजने लगे घर-आंगन, मंदिरों में तैयारियां जोरों पर
