Chitrakoot News : चित्रकूट में कच्चा घर ढहा, पिता और दो मासूम बच्चों की मौत; मां-बेटी गंभीर
चित्रकूट के भरतकूप थाना क्षेत्र में बुधवार रात कच्चा घर ढहने से एक परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। हादसे में पिता और उसके दो मासूम बच्चों ने मलबे में दबकर दम तोड़ दिया, जबकि मां-बेटी गंभीर रूप से घायल हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर शोक जताते हुए राहत के निर्देश दिए हैं।
चित्रकूट, अमृत विचार। गांव-मजरों की जिंदगी आसान नहीं। बारिश के बाद अब यहां के बाशिंदों के सामने घरगिरी का खतरा आसन्न है। बुधवार रात कच्चा घर ढहने से एक ग्रामीण का परिवार तबाह हो गया। परिवार के मुखिया और दो मासूम बच्चों की मलबे में दबकर मौत हो गई तो पत्नी और एक बेटी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही हैं।
यह दर्दनाक हादसा भरतकूप थानांतर्गत सभापुर बराछी गांव का है। बुधवार की रात कल्लू यादव (32) पुत्र बब्बू अपनी पत्नी कुंता देवी (30) और बच्चों अंश (5), अंशिका (4) और कल्ली (1) के साथ अपने कच्चे घर मंं सो रहा था। बताया जाता है कि पास के रपटे का पानी गांव में आने से कच्चे घर खतरे की जद में थे। रात करीब दो बजे कल्लू का कच्चा घर भरभराकर गिर पड़ा।
जानकारी के मुताबिक, कल्लू अपने बच्चों अंश और कल्ली के साथ एक खाट पर सो रहा था। चारपाई के दीवार के काफी पास होने की वजह से इसका मलबा गिरने से कल्लू और दोनों बच्चों की दबकर मौके पर ही मौत हो गई। पास ही दूसरी खाट पर सो रही कुंता और अंशिका भी मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। तेज आवाज सुनकर जागे आसपास के लोगों ने किसी तरह मलबे से सभी को निकाला। पुलिस प्रशासन को सूचना दी गई। सभी लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने पिता और दो बच्चों को मृत घोषित कर दिया। मां और बेटी का जिला अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।
सीएम योगी ने जताया शोक
सभापुर बरछा में पिता और दो मासूम बच्चों की मौत की घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को आवश्यक राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
यह भी पढ़ें:- Greater Noida Fraud : ‘कासा रॉयल’ प्रोजेक्ट में होमबायर्स से धोखाधड़ी, CBI ने बिल्डर के खिलाफ दाखिल की चार्जशीट
