Kanpur Dehat News : बारिश बनी काल! कच्चा मकान गिरने से भाई-बहन की मौत, पिता गंभीर घायल

Amrit Vichar Network
On

कानपुर देहात के जरसेन गांव में रात को भरभराकर गिरा मकान

कानपुर देहात के जरसेन गांव में बारिश के बीच कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। मलबे में दबकर 7 वर्षीय पलक और उसके भाई लविस की मौत हो गई, जबकि पिता गंभीर घायल हैं।

कानपुर देहात, अमृत विचार। लगातार हो रही बारिश अब लोगों के लिए जानलेवा साबित होने लगी है। बारिश के पानी से नम हुई दीवारें और जर्जर मकान हादसों का कारण बन रहे हैं। मूसानगर थाना क्षेत्र के जरसेन गांव में देर रात कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। हादसे में मलबे में दबकर मासूम भाई-बहन की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए।

बताया गया कि रात में अचानक मकान गिरने से परिवार के लोग मलबे में दब गए। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने राहत और बचाव शुरू किया। मलबे से 7 वर्षीय पलक और उसके भाई लविस को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। वहीं बच्चों के पिता श्रीराम गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बच्चों की मौत से परिवार में मचा कोहराम

हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों के मुताबिक परिवार के सामने पहले से ही आर्थिक संकट है। घर में कमाने वाला कोई अन्य सदस्य नहीं है। ऐसे में दो बच्चों की मौत और परिवार के मुखिया के घायल होने से इलाज और रहने की समस्या भी खड़ी हो गई है।

अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसडीएम समेत अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और हादसे की जानकारी ली। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद उपलब्ध कराने का भरोसा दिया गया है। बारिश के बीच हुए इस हादसे ने एक बार फिर जर्जर और कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

यह भी पढ़ें:-Chitrakoot News : चित्रकूट में कच्चा घर ढहा, पिता और दो मासूम बच्चों की मौत; मां-बेटी गंभीर

संबंधित समाचार