रक्षाबंधन पर यूपी में 9.26 लाख लोगों ने की नि:शुल्क बस यात्रा, पहले दिन 6.03 लाख से अधिक महिलाओं ने उठाया लाभ
-6.03 लाख से अधिक महिलाओं ने उठाया लाभ, साथ में 3.22 लाख सहयात्रियों को भी मिली निशुल्क यात्रा - अतिरिक्त बसों के संचालन से बढ़ी सुविधा, पारदर्शिता के लिए परिवहन निगम करेगा औचक निरीक्षण
लखनऊ, अमृत विचार। रक्षाबंधन पर योगी सरकार की ओर से महिलाओं और बहनों को दी गई निशुल्क बस यात्रा की सुविधा का पहले दिन ही बड़ी संख्या में यात्रियों ने लाभ उठाया। गुरुवार से शुरू हुई निशुल्क यात्रा में उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों से 6.03 लाख से अधिक महिलाओं ने सफर किया।
महिलाओं के साथ यात्रा करने वाले 3.22 लाख से अधिक सहयात्रियों को भी निशुल्क यात्रा की सुविधा मिली। इस तरह पहले दिन कुल 9.26 लाख से अधिक यात्रियों ने बिना किराया दिए सफर किया। परिवहन निगम के मुताबिक, इस निशुल्क यात्रा की कुल कीमत 9.06 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है।
यूपीएसआरटीसी के प्रधान प्रबंधक (संचालन) अनिल कुमार ने बताया कि रक्षाबंधन पर महिलाओं को सुगम और सुरक्षित यात्रा उपलब्ध कराने के लिए परिवहन निगम के अधिकारी और कर्मचारी पूरी तरह अलर्ट हैं। यात्रियों की बढ़ी संख्या को देखते हुए जरूरत के अनुसार अतिरिक्त बसें भी सड़कों पर उतारी गई हैं। बस संचालन, यात्रियों की सुविधा और व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है।
मुरादाबाद में सबसे ज्यादा यात्रियों ने उठाया लाभ
पहले दिन महिलाओं और उनके साथ यात्रा करने वाले सहयात्रियों की संयुक्त संख्या के लिहाज से मुरादाबाद क्षेत्र सबसे आगे रहा। यहां 62,586 महिलाओं और 32,203 सहयात्रियों समेत 94,789 यात्रियों ने निशुल्क यात्रा की। इसके बाद हरदोई में 82,920, गोरखपुर में 68,152, लखनऊ में 64,590 और बरेली में 58,309 यात्रियों ने इस सुविधा का लाभ उठाया। इन पांच क्षेत्रों में ही करीब 3.69 लाख यात्रियों ने निशुल्क सफर किया।
आर्थिक बोझ कम होने से यात्रियों में खुशी
रक्षाबंधन पर निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलने से महिलाओं और उनके साथ सफर करने वाले यात्रियों ने सरकार के कदम की सराहना की। यात्रियों का कहना है कि त्योहार पर बड़ी संख्या में लोगों को घर जाना पड़ता है। ऐसे में निशुल्क बस सेवा से परिवारों पर पड़ने वाला आर्थिक बोझ कम हुआ है। अतिरिक्त बसों के संचालन से भीड़ के बीच घर पहुंचने में भी सहूलियत मिली।
