मुरादाबाद में आदमखोर तेंदुए का आतंक, घर में सो रहे किसान को उठा ले गया; जंगल में मिला क्षत-विक्षत शव

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

बलिया गांव में तेंदुए के हमले से चौथी मौत, पहले विरमो देवी और संतोष देवी समेत तीन लोगों की जा चुकी है जान; ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश

ठाकुरद्वारा, मुरादाबाद: ठाकुरद्वारा तहसील क्षेत्र में आदमखोर तेंदुए का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बलिया गांव में शुक्रवार रात तेंदुए ने घर में सो रहे 40 वर्षीय किसान जगराज पर हमला कर दिया। तेंदुआ उसे खींचकर जंगल में ले गया, जहां उसकी मौत हो गई। शनिवार सुबह किसान का क्षत-विक्षत शव मिलने के बाद गांव में दहशत के साथ ग्रामीणों का आक्रोश भी बढ़ गया।

यह ठाकुरद्वारा क्षेत्र में तेंदुए के हमले से जुड़ी चौथी घटना बताई जा रही है। बलिया गांव में ही इससे पहले तेंदुए के हमले में तीन लोगों की जान जा चुकी है।

रात करीब दो बजे घर में घुसा तेंदुआ

बलिया गांव निवासी 40 वर्षीय जगराज पुत्र राम सिंह शुक्रवार रात अपने घर में सो रहे थे। रात करीब 2 बजे आदमखोर तेंदुआ घर में घुस आया और जगराज पर हमला कर दिया।

हमले के बाद तेंदुआ किसान को खींचकर जंगल की ओर ले गया। बाद में उसने किसान को अपना निवाला बना लिया।

Moradabad News

चारपाई से गायब मिला किसान, खून के निशान देखकर घबराए परिजन

शनिवार तड़के जब जगराज के परिजनों की नींद खुली तो वह चारपाई पर नहीं थे। घर में उनके शरीर को खींचे जाने के निशान और खून के निशान दिखाई दिए। यह देखकर परिवार के लोग घबरा गए।

घटना की जानकारी गांव में फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इसके बाद लोगों ने जगराज की तलाश शुरू की।

सुबह सात बजे मिला क्षत-विक्षत शव

ग्रामीणों को शनिवार सुबह करीब 7 बजे जगराज का क्षत-विक्षत शव मिला। शव मिलने की खबर के बाद गांव में शोक और भय का माहौल बन गया।

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में तेंदुए के लगातार हमलों से लोगों में पहले से ही डर बना हुआ था। ताजा घटना के बाद उनका आक्रोश स्थानीय प्रशासन और वन विभाग के खिलाफ और बढ़ गया है।

बलिया गांव में तीन लोगों की पहले जा चुकी है जान

बलिया गांव में तेंदुए के हमले की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले विरमो देवी और संतोष देवी समेत तीन लोगों की जान जा चुकी है। अब जगराज की मौत के बाद ग्रामीणों में तेंदुए को लेकर दहशत और बढ़ गई है।

लगातार हो रहे हमलों के कारण ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है और वे आदमखोर तेंदुए को पकड़ने की मांग कर रहे हैं।

यह भी पढ़ेंः रायबरेली के अस्पताल के शौचालय में मिली 13 साल की किशोरी की लाश, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

संबंधित समाचार