न्यूयॉर्क के मैडिसन स्क्वायर गार्डन में मोहन भागवत का संबोधन आज, 39 राज्यों से जुटेंगे हजारों से ज्यादा प्रतिनिधि

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

RSS के शताब्दी वर्ष पर ‘वननेस सेलिब्रेशन’ में समरसता, विश्व बंधुत्व और एकात्मकता पर रखेंगे विचार; इसी एरिना में मोदी समेत कई दिग्गज नेताओं का हो चुका है कार्यक्रम

न्यूयॉर्क: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के शताब्दी वर्ष के अवसर पर संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत का अमेरिका दौरा शुरू हो गया है। अपने दौरे के दौरान वह शनिवार, 29 अगस्त को न्यूयॉर्क के मशहूर मैडिसन स्क्वायर गार्डन (MSG) में आयोजित ‘वननेस सेलिब्रेशन’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। आयोजकों के मुताबिक, कार्यक्रम में अमेरिका के 39 राज्यों और करीब 850 शहरों से 5,000 से अधिक प्रतिनिधियों के पहुंचने की उम्मीद है।

भागवत इस कार्यक्रम में परस्पर समरसता, विश्व बंधुत्व और एकात्मकता के विषय पर संबोधित करेंगे। इसके अलावा वह भारतीय मूल के लोगों के साथ अमेरिका के अलग-अलग सामाजिक और पेशेवर क्षेत्रों से जुड़े प्रतिनिधियों से संवाद भी करेंगे। इनमें युवा, कारोबारी, सामाजिक और बौद्धिक क्षेत्र से जुड़े लोग शामिल हैं।

अमेरिकी समय के अनुसार दोपहर 2 बजे से शुरू होगा कार्यक्रम

‘वननेस सेलिब्रेशन’ कार्यक्रम अमेरिकी समयानुसार दोपहर 2 बजे से शाम 5:30 बजे तक चलेगा। भारतीय समय के अनुसार यह कार्यक्रम 29 अगस्त की रात करीब 11:30 बजे से 30 अगस्त की सुबह 3 बजे तक चलेगा।

संघ के शताब्दी वर्ष में आयोजित इस वैश्विक संपर्क अभियान को भारत और अमेरिका के राजनीतिक, सामाजिक तथा बौद्धिक क्षेत्रों में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कार्यक्रम के माध्यम से भारतीय संस्कृति, सामाजिक समरसता और विश्व बंधुत्व से जुड़े विचारों को वैश्विक मंच पर रखने की कोशिश की जा रही है।

RSS बोला-खुली बातचीत की भावना से हो रहा आयोजन

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने कहा है कि न्यूयॉर्क में संघ प्रमुख के कार्यक्रम का आयोजन खुली बातचीत की भावना से किया गया है। संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी सुनील आंबेकर ने कहा कि संघ के बारे में जानने के इच्छुक लोगों को चर्चा में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है।

आंबेकर ने कहा कि न्यूयॉर्क में आयोजित ‘यूनिवर्सल वननेस सेलिब्रेशन’ अलग-अलग धर्मों, संस्कृतियों और आस्थाओं से जुड़े लोगों की सभा है, जिसमें संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत लोगों से संवाद करेंगे।

न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने जताई असहमति

भागवत के कार्यक्रम को लेकर न्यूयॉर्क सिटी के मेयर जोहरान ममदानी ने अपनी असहमति जाहिर की है। उन्होंने कहा है कि वह मैडिसन स्क्वायर गार्डन में RSS प्रमुख के प्रस्तावित कार्यक्रम का समर्थन नहीं करते हैं।

हालांकि, ममदानी ने यह भी कहा कि कार्यक्रम एक ‘निजी’ आयोजन है और ऐसे में न्यूयॉर्क सिटी प्रशासन के पास संभवत: इसे रद्द करने का अधिकार नहीं है।

वही MSG जहां 2014 में पीएम मोदी ने किया था ऐतिहासिक संबोधन

मोहन भागवत जिस मैडिसन स्क्वायर गार्डन में शनिवार को मंच संभालेंगे, उसका अमेरिका के राजनीतिक, धार्मिक, खेल और मनोरंजन जगत में खास स्थान है।

इसी एरिना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 में चुनाव जीतने के बाद अमेरिका में अपना पहला सार्वजनिक कार्यक्रम किया था। संयुक्त राष्ट्र की हाई-लेवल मीटिंग के लिए न्यूयॉर्क पहुंचे मोदी को सुनने के लिए करीब 22,000 लोगों की क्षमता वाला एरिना खचाखच भर गया था।

मैडिसन स्क्वायर गार्डन में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी 2024 में न्यूयॉर्क में शानदार वापसी की थी। इसके अलावा राष्ट्रपति जिमी कार्टर, बिल क्लिंटन और जॉर्ज डब्ल्यू. बुश को यहां उनकी पार्टियों के सम्मेलनों में राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के तौर पर चुना गया था।

रिपब्लिकन और डेमोक्रेटिक पार्टी के सम्मेलन भी हो चुके हैं

रिपब्लिकन पार्टी ने 2004 में और डेमोक्रेटिक पार्टी ने 1976, 1980 और 1992 में अपना राष्ट्रीय सम्मेलन मैडिसन स्क्वायर गार्डन में आयोजित किया था।

न्यूयॉर्क शहर के बीचोंबीच टाइम्स स्क्वायर से करीब दस ब्लॉक दक्षिण में स्थित यह एरिना करीब 76,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में फैला है। इसकी खासियत यह भी है कि इसे न्यूयॉर्क के पेन्सिलवेनिया स्टेशन के ऊपर बनाया गया है। पेन्सिलवेनिया स्टेशन अमेरिका के सबसे व्यस्त ट्रांजिट हब में शामिल है, जहां लंबी दूरी की ट्रेन, कम्यूटर रेल और मेट्रो सेवाएं मिलती हैं।

एक ही एरिना में खेल से लेकर राजनीति और संगीत तक

मैडिसन स्क्वायर गार्डन को अपनी बहुउद्देश्यीय क्षमता के लिए भी जाना जाता है। यहां जरूरत के मुताबिक हॉकी के लिए आइस रिंक, बास्केटबॉल कोर्ट, राजनीतिक मंच, धार्मिक कार्यक्रमों के लिए व्यवस्था, बॉक्सिंग और रेसलिंग रिंग तथा कॉन्सर्ट स्टेज तैयार किया जा सकता है।

यहां न्यूयॉर्क रेंजर्स की आइस हॉकी टीम और न्यूयॉर्क निक्स की बास्केटबॉल टीम के घरेलू मुकाबले भी होते हैं।

MSG दुनिया के कई मशहूर संगीत कलाकारों की प्रस्तुतियों का गवाह रहा है। यहां जॉन लेनन, जॉर्ज हैरिसन, एल्टन जॉन, लेडी गागा और लेड जेपेलिन जैसे कलाकार प्रस्तुति दे चुके हैं। विक्टोरिया बेकहम और स्पाइस गर्ल्स भी यहां परफॉर्म कर चुकी हैं।

सुरक्षा के लिहाज से भी बेहद महत्वपूर्ण है MSG

मैडिसन स्क्वायर गार्डन बड़े राजनीतिक और हाई-प्रोफाइल आयोजनों की मेजबानी करता रहा है, इसलिए यहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहते हैं। कार्यक्रम के स्वरूप के अनुसार प्रवेश करने वाले लोगों की पहचान और सुरक्षा जांच के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल भी किया जाता है।

ऐसे वैश्विक मंच पर RSS के शताब्दी वर्ष के दौरान मोहन भागवत का संबोधन भारतीय संस्कृति, सामाजिक समरसता और विश्व बंधुत्व पर संघ के विचारों को अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंचाने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

यह भी पढ़ेंः SCO Summit से पहले PM मोदी का बड़ा संदेशः आतंकवाद, अलगाववाद और उग्रवाद से मुक्त हो पूरा क्षेत्र

संबंधित समाचार