रक्षाबंधन: वेंटिलेटर पर जिंदगी की जंग लड़ रही बहन ने भाई की कलाई पर बांधी राखी
राखी बांधते हुए बहन बोली—भैया, बस तुम हमेशा खुश रहना; भाई ने बहन की सलामती की मांगी दुआ
औरैया, अमृत विचार : रक्षाबंधन का पर्व भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास का प्रतीक है। इस दिन बहन भाई की कलाई पर राखी बांधकर उसकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना करती है। लेकिन औरैया में सामने आया भाई-बहन के प्रेम का एक भावुक कर देने वाला दृश्य सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
तस्वीरों और वीडियो में औरैया के बिधूना क्षेत्र में तैनात एलआईयू प्रभारी दीप सिंह अपनी बड़ी बहन राधा के पास नजर आ रहे हैं। राधा आगरा के एक अस्पताल के आईसीयू में वेंटीलेटर पर जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही हैं। गंभीर हालत के बावजूद राधा ने रक्षाबंधन के पर्व पर अपने छोटे भाई दीप चंद्र की कलाई पर राखी बांधने की इच्छा जताई।
अस्पताल में मशीनों के बीच जब बहन ने भाई की कलाई पर राखी बांधी तो वहां मौजूद लोग भी भावुक हो उठे। भाई ने बहन के इस स्नेह को अपने लिए सबसे अनमोल उपहार बताया और उसकी जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
यह पल भाई-बहन के उस रिश्ते की गहराई को बयां करता है, जिसमें मुश्किल से मुश्किल परिस्थिति भी प्रेम की डोर को कमजोर नहीं कर सकती। जिंदगी की जंग लड़ रही राधा के हाथों से बंधी राखी दीप चंद्र के लिए सिर्फ एक धागा नहीं, बल्कि बहन के प्यार, दुआ और हिम्मत की निशानी बन गई।
यह भी पढ़ें : बाढ़ के बीच इस इलाके में मिले 400 भारतीय सुरक्षित, चीन ने दी नई चेतावनी
