Moradabad News : कारागार में बंद भाइयों की कलाई पर बंधा प्रेम का धागा
1,166 बहनों ने बंदियों की कलाई पर बांधी राखी, भावुक हुई बहनें, भाइयों की आंखें भी हुईं नम
मुरादाबाद जिला कारागार में रक्षाबंधन के अवसर पर 1,166 बहनों ने अपने कैदी भाइयों की कलाई पर राखी बांधी। इस भावुक मिलन में कई भाइयों की आंखें नम हो गईं।
मुरादाबाद, अमृत विचार। रक्षा बंधन के अवसर पर जिले के कारागार में 1,166 बहनों ने कैदी भाइयों की कलाई पर राखी बांधी। इस मौके पर नौ पुरुष और 389 बच्चे भी अपने मामा‑पापा से मिलने पहुंचे। प्रवेश से पहले महिलाओं को जलपान दिया गया और गहन तलाशी के बाद बहनों को जेल में प्रवेश की अनुमति दी गई। मिलन के दौरान भावुक माहौल रहा और बहनों‑भाइयों ने एक-दूसरे से मन की बातें साझा कीं।
वरिष्ठ जेल अधीक्षक बिजेंद्र सिंह यादव ने शुक्रवार को बताया कि रक्षा बंधन के पर्व पर जिले के सुधार गृह, जिला कारागार में सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक 1,166 बहनों ने बंदियों को राखी बांधी। इस कार्यक्रम में नौ पुरुष और करीब 389 बच्चे भी अपने मामा‑पापा से मिलने पहुंचे। महिला आगंतुकों के लिए विश्व हिंद परिषद के बजरंग दल की ओर से मुलतानी छोले चावल और बच्चों के लिए बिस्किट तथा चिप्स की व्यवस्था की गई थी। बहनों को सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुसार परिसर में भेजा गया। मिलन के दौरान कई भाई‑बहनों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने एक‑दूसरे से भावपूर्ण बातचीत की। राखी बांधने के बाद सभी की आंखें नम दिखाई दीं। वरिष्ठ जेल अधीक्षक ने बताया कि आगे भी त्योहारी अवसरों पर नियंत्रित मिलन की व्यवस्था जारी रखी जाएगी ताकि सुरक्षा के साथ परिवारिक मेल‑जोल बनाए रखा जा सके।
ये भी पढ़ें - Moradabad News : जिले में स्वाइन फ्लू के साथ डेंगू की दस्तक, स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी
