Budaun News : रक्षाबंधन के चलते रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस स्टैंड पर रही भारी भीड़
नहीं मिलीं बसें, भटकते रहे यात्री, डग्गामार बसों का लिया सहारा, रक्षाबंधन पर राखी बांधने भाई के घर पहुंचने को परेशान रहीं बहनें
बदायूं में रक्षाबंधन के मौके पर रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर भारी भीड़ रही। रोडवेज बसें न मिलने के कारण बहनों को डग्गामार वाहनों का सहारा लेना पड़ा।
बदायूं, अमृत विचार। रक्षाबंधन के त्योहार पर भाई के घर जाने को बहनों को भारी जद्दोजहद करनी पड़ी। रोडवेज बसें नहीं मिलीं और प्राइवेट बसों में भारी भीड़ रही जिससे सैकड़ों यात्री वाहनों के चक्कर में इधर-उधर भटकते रहे। रेलवे स्टेशन पर भी सैकड़ों यात्री भीड़ के चलते परेशान रहे।
शुक्रवार को सुबह से ही शहर में लोग रोडवेज और प्राइवेट बस स्टैंड पर बसों के इंतजार में पहुंच गए। कुछ यात्री सुबह को खाली बसों में सवार हो गए उसके बाद रोडवेज की बसों में यात्री सवार नहीं हो पाए। रोडवेज बसों की कमी के चलते फर्रुखाबाद रोड पर जाने वाले यात्री परेशान हुए। रोडवेज बस स्टैंड पर दोपहर दो बजे तक भारी भीड़ रही। उसी के साथ प्राइवेट बस स्टैंड पर आसपास के सैकड़ों यात्री बसों के इंतजार में भटकते रहे। यात्रियों को उसावा, कछला, बिसौली, बिल्सी जाने को दोपहर तक बसें नहीं मिलीं। जिससे यात्री सड़कों पर वाहनों का इंतजार करते रहे। प्राइवेट बस स्टैंड पर दोपहर के बाद ही लोगों को बसों की सुविधा मिल सकी। लेकिन तब तक अधिकांश यात्री गंतव्य तक पहुंच चुके थे।
पुलिस लाइन चौराहे पर फर्रुखाबाद रोड को जाने वाले सैकड़ों यात्री सड़क पर खड़े रहे जो डग्गामार वाहनों का सहारा लेकर अपने घरों को पहुंचे। पुलिस लाइन चौराहे पर अलापुर, सखानू बिनावर, गुलड़िया, दातागंज आदि क्षेत्रों को जाने वालीं सवारियां वाहनों के इंतजार में परेशान रहीं।
रेलवे स्टेशन पर रही यात्रियों की भीड़
रेलवे स्टेशन पर आज सैकड़ों यात्री प्लेटफार्म पर ट्रेन का इंतजार करते रहे। दोपहर को कासगंज से बरेली को जाने वाली ट्रेन में यात्रियों को जगह नहीं मिली। ट्रेन पीछे से फुल होकर यहां पहुंचीं जिससे यात्रियों को निराशा ही हाथ लगी। जबकि बरेली से कासगंज को जाने वाली ट्रेन भी फुल होकर प्लेटफार्म पर पहुंची। ट्रेनों में जगह न होने के कारण यात्रियों ने टिकट भी वापस किए। प्लेटफार्म पर शाम तक भारी भीड़ रही। सुरक्षा की दृष्टि से जीआरपी ने दिन में कई बार प्लेटफार्म पर तलाश का अभियान चलाया।
डग्गामार वाहन बने लोगों का सहारा
रक्षाबंधन पर डग्गामार वाहन लोगों का सहारा बने, सभी सड़कों पर मारुति वैन और ऑटो में सवारियां अपने घरों तक पहुंचीं। दूर-दराज से आने वाले यात्रियों ने ऑटो बुक कर यात्रा की। डग्गामार वाहनों ने आज भाई बहन के त्योहार पर अच्छी कमाई की। जल्दी घर पहुंचने के चक्कर में यात्रियों ने मुंहमांगा पैसा दिया।
ये भी पढ़ें - Bareilly News : राजमिस्त्री के दो बच्चों की जयपुर के एक गड्ढे में डूबकर मौत
