Bareilly News : इनके लिए मजहब की दीवारों से ऊंचा है राखी का रिश्ता
फरहत नकवी ने झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार को बांधी राखी, शारिक अब्बासी को 11 साल से राखी बांधती हैं सुमन और राखी कश्यप
बरेली में रक्षाबंधन पर हिंदू-मुस्लिम भाईचारे की मिसाल देखने को मिली। फरहत नकवी ने झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार को राखी बांधी।
बरेली, अमृत विचार। रक्षाबंधन पर भाई-बहन के रिश्ते ने मजहब की सीमाओं से ऊपर उठकर आपसी प्रेम और भाईचारे की मिसाल पेश की। बुखारपुर निवासी राखी कश्यप और सुमन कश्यप 11 सालों से शारिक अब्बासी को राखी बांधती आ रही हैं। इस बार भी दोनों बहनों ने शारिक की कलाई पर राखी बांधी और उन्होंने बहनों की रक्षा, सम्मान और सुख-दुख में साथ देने का संकल्प लिया। शारिक अब्बासी ने कहा कि बहनों ने जिस विश्वास और स्नेह के साथ उन्हें भाई माना है, उस रिश्ते की जिम्मेदारी निभाना उनका फर्ज है। वहीं मेरा हक फाउंडेशन की अध्यक्ष फरहत नकवी ने भी झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार के आवास पर पहुंचकर उन्हें राखी बांधी।
भाजपा नेता कीर्ति कश्यप ने शानू काजमी को बांधी राखी
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के नेता शानू काजमी को आंवला के पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप की बेटी एडवोकेट कीर्ति कश्यप ने राखी बांधी। शानू काजमी ने बताया कि वह पांच साल से कीर्ति कश्यप के कांधारपुर स्थित आवास पर पहुंचकर राखी बंधवाते हैं। दोनों के बीच भाई-बहन का रिश्ता आपसी सम्मान और स्नेह का प्रतीक है। कीर्ति उन्हें सगे भाई जैसा सम्मान देती हैं।
ये भी पढ़ें - Budaun News : रक्षाबंधन के चलते रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस स्टैंड पर रही भारी भीड़
