Janmashtami 2026 : कान्हा की वेशभूषा में सजे बच्चों ने मोहा मन, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर घरों, मंदिरों में मनेगा जन्मोत्सव

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व शुक्रवार को हर्षोल्लास और आस्था के साथ मनाया जाएगा। घरों और मंदिरों में तैयारियां पूरी हैं। रात 12 बजे कृष्ण जन्मोत्सव पर गूंजेगा ‘नंद के घर आनंद भयो’।

मुरादाबाद, अमृत विचार: श्रीकष्ण जन्माष्टमी का पर्व शुक्रवार को हर्षोल्लास व आस्था के साथ मनेगा। घरों व मंदिरों में इसके लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। रात 12 बजते ही श्रीकृष्ण के जन्म लेते ही नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की, हाथी घोड़ा पालकी की गूंज रहेगी। गुरुवार को जन्माष्टमी के लिए तैयारियों में लोग जुटे रहे। कान्हा के लिए आकर्षक परिधान, बांसुरी आदि खरीदने के लिए बाजारों में भीड़ रही। 

Janmashtami 2026 (4)

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के दिन घरों व मंदिरों में कान्हा का जन्मोत्सव आस्था के साथ धूमधाम से मनाया जाएगा। मंदिरों में रंगीन झालरों के साथ ही गुब्बारे आदि लगाकर सजावट की जा रही है।

Janmashtami 2026 (2)

दिल्ली रोड स्थित श्रीराधा कृष्ण मंदिर, आशियाना स्थित शिव शक्ति मंदिर, पुलिस लाइंस स्थित मंदिर में देर रात तक सजावट का कार्य चला। झाकियां भी सजाई जा रही हैं जिसका पर्व में विशेष आकर्षण रहेगा। 

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के लिए बाजारों में रौनक

हरथला, नवीन नगर, गुरहट्टी, टाउनहाल, गांधीनगर आदि में दुकानों पर कान्हा की मूर्ति, पालना, बांसुरी, आकर्षक परिधान, मुकुट, माला आदि खरीदने में भक्त जुटे रहे। मंदिरों के अंदर व बाहर आकर्षक सजावट की गई है। शाम को सतरंगी झालर से मंदिर शोभायमान हो रहे हैं।

Janmashtami 2026 (3)

वहीं जन्माष्टमी के एक दिन पूर्व शिक्षण संस्थानों में भी कार्यक्रम आयोजित किया गया। दही हांडी, मटकी फोड़ो, पोस्टर, पेंटिंग प्रतियोगिता आदि कराई गई।राधा-कृष्ण की वेशभूषा में नजर आए। अपनी प्रस्तुतियों से उन्होंने सभी का मन मोह लिया।

भगवान श्रीकृष्ण के प्रेम, सत्य, धर्म के संदेश को जीवन में अपनाएं

रामगंगा विहार स्थित गोल्डेन गेट ग्लोबल स्कूल में गुरुवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व उल्लास व आस्था के साथ मनाया गया। दही हांडी कार्यक्रम में बच्चों ने खूब धमाल मचाया। शिक्षकों ने नाटिका प्रस्तुत कर विद्यार्थियों को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन आदर्शों व संदेशों की महत्ता बताई। ठाकुर जी का दिव्य अभिषेक किया गया। दही हांडी प्रतियोगिता में बच्चों ने मटकी फोड़ने के लिए जोर आजमाइश की। 

गोल्डेन गेट ग्लोबल स्कूल में मना श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व

विद्यालय के प्रधानाचार्य सचिन घावरी ने कहा कि जन्माष्टमी केवल एक धार्मिक पर्व नहीं है, बल्कि भगवान श्रीकृष्ण के प्रेम, सत्य, साहस, धर्म के संदेशों को अपने जीवन में अपनाने का अवसर है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी भारतीय संस्कृति, सभ्यता और पारंपारिकता को जानने समझने का अवसर प्रदान करते हैं। इस दौरान विद्यालय के निदेशक अंकुर खन्ना, राजीव गोयल आदि मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें : 
Janmashtami 2026 : जयपुर और दिल्ली में तैयार गुलाबी पोषक से बांके बिहारी जी का होगा श्रृंगार, कीमत जानकर आप भी रह जाएगें हैरान 

संबंधित समाचार