Raksha Bandhan 2026 : रक्षाबंधन आज, इतने घंटे का रहेगा शुभ समय,जानिये राखी बांधने का सबसे खास मुहूर्त 

Amrit Vichar Network
Edited By Virendra Pandey
On

लखनऊ,अमृत विचार : भाई-बहन के प्रेम, स्नेह और विश्वास का पर्व रक्षाबंधन आज शुक्रवार को मनाया जा रहा है। श्रावण मास की पूर्णिमा पर मनाए जाने वाले इस पर्व को लेकर घरों में तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। बहनें अपने भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उनकी सुख-समृद्धि और दीर्घायु की कामना कर रही हैं, वहीं भाई बहनों की रक्षा का संकल्प लेते हुए उन्हें उपहार दे रहे हैं।

पंचांग के अनुसार इस बार रक्षाबंधन पर भद्रा का साया नहीं है। पूर्णिमा तिथि 27 अगस्त सुबह 9:08 बजे शुरू हुई और 28 अगस्त सुबह 9:48 बजे तक रहेगी। भद्रा सूर्योदय से पहले ही समाप्त हो चुकी है, इसलिए शुक्रवार को राखी बांधने के लिए शुभ समय उपलब्ध रहेगा।

सुबह 5:57 से 9:48 बजे तक शुभ मुहूर्त

रक्षाबंधन पर राखी बांधने का सबसे खास मुहूर्त सुबह 5:57 बजे से 9:48 बजे तक बताया गया है। इस तरह बहनों के पास राखी बांधने के लिए करीब 3 घंटे 51 मिनट का शुभ समय है। हालांकि अलग-अलग शहरों में सूर्योदय के समय में अंतर के कारण मुहूर्त में कुछ मिनट का अंतर हो सकता है।

ऐसे करें राखी का पूजन

राखी बांधने से पहले बहनें पूजा की थाली सजाएं। इसमें रोली या कुमकुम, अक्षत, दीपक, मिठाई और राखी रखें। भाई को तिलक लगाने के बाद अक्षत लगाएं और फिर रक्षा सूत्र बांधें। इसके बाद भाई का मुंह मीठा कराकर आरती करें। भाई भी बहन को उपहार देकर उसकी रक्षा और सुख-समृद्धि का संकल्प ले।

भद्रा में राखी बांधना माना जाता है वर्जित

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भद्रा काल में राखी बांधना शुभ नहीं माना जाता है। इस बार भद्रा सूर्योदय से पहले समाप्त हो चुकी है, इसलिए बहनों को भद्रा समाप्त होने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा।

रक्षाबंधन का पर्व केवल रक्षा सूत्र बांधने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भाई-बहन के बीच प्रेम, विश्वास और भावनात्मक जुड़ाव का प्रतीक भी है। यही वजह है कि इस पर्व को लेकर बाजारों से लेकर घरों तक खासा उत्साह दिखाई दे रहा है।

राहुकाल में नहीं बांधी जाती राखी

भाई-बहन के अटूट प्रेम का प्रतीक 'रक्षाबंधन' का पावन पर्व आज देश भर में बेहद हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस वर्ष रक्षाबंधन पर भद्रा का कोई साया नहीं है, जिससे बहनों को दिनभर राखी बांधने के लिए लंबा समय मिल रहा है। हालांकि, ज्योतिषविदों ने सचेत किया है कि आज दिन के एक विशेष समय पर राहुकाल रहेगा। ज्योतिष गणना के अनुसार, उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आज राहुकाल सुबह 10:32 बजे से दोपहर 12:07 बजे तक रहेगा। इस 1 घंटे 35 मिनट की अवधि के दौरान राखी बांधना पूरी तरह वर्जित और अशुभ माना गया है।

ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, राहुकाल को दिन का सबसे अशुभ समय माना जाता है। इस अवधि का स्वामी क्रूर ग्रह 'राहु' होता है। धार्मिक मान्यताओं के मुताबिक, राहुकाल में किए गए किसी भी शुभ या मांगलिक कार्य का फल सकारात्मक नहीं होता है। इस अशुभ घड़ी में भाई की कलाई पर रक्षासूत्र बांधने से भाई के जीवन में अनचाही परेशानियां आ सकती हैं, उसकी तरक्की में बाधाएं उत्पन्न हो सकती हैं और भाई-बहन के संबंधों पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। यही कारण है कि बहनें इस समय अवधि का विशेष ध्यान रखती हैं और इसमें राखी नहीं बांधती हैं।

यह भी पढ़ें : रक्षाबंधन पर इन 4 राशि वालों के बदलेंगे दिन, इन पर बरसेगी मां लक्ष्मी की कृपा

संबंधित समाचार