श्रावस्ती : विद्यालय से निकले छात्र को पिकअप ने रौंदा, मौत
श्रावस्ती, अमृत विचार : भिनगा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अकबरपुर में गुरुवार को सड़क हादसे में छात्र की मौत हो गई। प्राथमिक विद्यालय में पढ़ने वाला छात्र दोपहर के समय मिले अवकाश में स्कूल से बाहर निकला था, तभी पिकअप वाहन ने उसे टक्कर मार दी। इलाज के लिए उसे अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
भिनगा के ग्राम अकबरपुर निवासी गुलफाम (10) पुत्र सलीम प्राथमिक विद्यालय अकबरपुर में कक्षा पांच का छात्र था। गुरुवार को दोपहर मिले अवकाश के दौरान वह विद्यालय परिसर से बाहर निकला था। इसी दौरान गांव के अंदर से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिजनों ने उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल भिनगा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। छात्र की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
चालक मौके से हुआ फरार
वहीं विद्यालय सहित गांव में शोक की लहर दौड़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना करने वाली पिकअप में मवेशी लदे थे। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय के पास स्थित विवेक मिश्रा के घर पर लगे सीसीटीवी कैमरे में घटना कैद होने की संभावना है। पुलिस कैमरे की फुटेज खंगालकर फरार वाहन और चालक की पहचान करने में जुटी हुई है। मृतक गुलफाम का परिवार आर्थिक रूप से बेहद कमजोर है। उसके पिता सलीम मुंबई में मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। दो भाई व दो बहनों में वह छोटा था।
यह भी पढ़ें : कानपुर : अष्टमी तिथि के साथ रोहिणी नक्षत्र के दुर्लभ संयोग में मनाया जायेगा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व
