कानपुर : अष्टमी तिथि के साथ रोहिणी नक्षत्र के दुर्लभ संयोग में मनाया जायेगा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व

Amrit Vichar Network
Edited By Virendra Pandey
On

कानपुर,अमृत विचार : देशभर में 4 सितंबर शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाई जाएगी। पंचांग के अनुसार अष्टमी तिथि 3 सितंबर की रात 2:25 बजे शुरू होकर 4 सितंबर की रात 12:13 बजे समाप्त होगी, इसके साथ ही रोहिणी नक्षत्र 3 सितंबर की रात 12:29 बजे शुरू होकर 4 सितंबर की रात 11:04 बजे तक रहेगा। यानी जन्माष्टमी के दिन उदयातिथि से लेकर रात तक रोहिणी नक्षत्र का संयोग बना रहेगा। इसलिए जन्माष्टमी का व्रत और जन्मोत्सव 4 सितंबर को ही मनाया जाएगा।

पंडित जी
पं. मनोज कुमार द्विवेदी ज्योतिषाचार्य,
आध्यात्मिक लेखक

ज्योतिषाचार्य पं.मनोज कुमार द्विवेदी के अनुसार वैदिक पंचांग और हिंदू गणना के अनुसार, वर्ष 2026 में भगवान श्रीकृष्ण का 5253वाँ जन्मोत्सव (श्रीकृष्ण जन्माष्टमी) मनाया जा रहा है।

द्वापर युग में भगवान श्रीकृष्ण का जन्म भी मध्यरात्रि में अष्टमी तिथि और रोहिणी नक्षत्र में हुआ था। इस बार जन्माष्टमी पर भी इसी तरह का संयोग बन रहा है। कई बार जन्माष्टमी पर अष्टमी तिथि तो रहती है, लेकिन रोहिणी नक्षत्र का संयोग नहीं बनता। इस बार दोनों एक ही दिन मिल रहे हैं। यही वजह है कि इस जन्माष्टमी को विशेष माना जा रहा है। इस बार गृहस्थ और वैष्णव सहित सभी प्रमुख संप्रदाय  4 सितंबर को ही जन्माष्टमी मनायेंगे।

अष्टमी तिथि और रोहिणी नक्षत्र का संयोग

जन्माष्टमी की अर्धरात्रि में अष्टमी तिथि और उदयाकाल से लेकर रात 11 बजकर 4 मिनट तक रोहिणी नक्षत्र का एक साथ होना विशेष फलदायी रहेगा। पिछले कई वर्षों में भाद्रपद कृष्ण पक्ष की अष्टमी पर वृष राशि में चंद्रमा तो रहता है, लेकिन रोहिणी नक्षत्र का संयोग नहीं बन पाता। इस बार अष्टमी तिथि, रोहिणी नक्षत्र और वृष राशि के चन्द्रमा के साथ प्रमुख ज्योतिषीय तत्व एक साथ आ रहे हैं। धार्मिक मान्यताओं में भी ऐसे संयोग में भगवान श्रीकृष्ण की पूजा का विशेष महत्व बताया गया है।

शुभ मुहूर्त

श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की पूजा का शुभ समय 4 सितंबर की रात 11 बजकर 57 मिनट से 5 सितंबर की रात 12 बजकर 43 मिनट तक रहेगा। इस लगभग 46 मिनट की अवधि में लड्डू गोपाल का जन्मोत्सव और पूजा-अर्चना कर सकते हैं।

ये भी पढ़ें : रूस की एयर स्ट्राइक में 12 भारतीयों की मौत, PM मोदी और पुतिन की मुलाकात के बाद जेलेंस्की का बड़ा दावा 

संबंधित समाचार