Pilibhit News : हरियाणा में हुए हादसे में पीलीभीत के चार श्रमिक और ईको चालक की मौत, सात घायल
खरखौदा बस अड्डे के पास ईको कार और ट्रक में जोरदार टक्कर, दियोरियाकलां के 5 लोगों ने गंवाई जान
पीलीभीत से मजदूरी करने हरियाणा जा रहे श्रमिकों की ईको कार ट्रक से टकरा गई। हादसे में 4 मजदूरों और चालक की मौत हो गई, जबकि 7 लोग घायल हैं।
दियोरियाकलां, अमृत विचार। घर से रोजी-रोटी कमाने निकले पीलीभीत के दियोरियाकलां कोतवाली क्षेत्र के बढ़ेपुरा कुसुमा गांव के 11 श्रमिक और चालक बुधवार रात ईको कार से हरियाणा के लिए रवाना हुए थे। तड़के करीब चार बजे हरियाणा के खरखौदा बस अड्डे के पास उनकी ईको कार ट्रक से टकरा गई। इसमें चार श्रमिकों और चालक की मौत हो गई, जबकि सात श्रमिक घायल हो गए। हादसे की खबर गांव पहुंचते ही मृतकों के घरों में चीख-पुकार मच गई। घायलों को हरियाणा के रोहतक अस्पताल भर्ती कराया गया है।
बता दें कि बढ़ेपुरा कुसुमा गांव के 11 श्रमिक ईको कार से हरियाणा में बाजरा कटाई की मजदूरी करने निकले थे। उनके साथ ग्राम सुजनी निवासी चालक आरिफ पुत्र आशिक भी था। सभी बुधवार रात में गांव से रवाना हुए थे। गुरुवार सुबह करीब चार बजे हरियाणा में खरखौदा बस अड्डे के पास अचानक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही पांच लोगों की जान चली गई। मृतकों में रामनरेश (35) पुत्र रामचंद्र , अग्रवाल (30) पुत्र मैकूलाल, सुशील कुमार (22) पुत्र खुशालीराम, मेवाराम (40) पुत्र दुर्गा प्रसाद और कार चालक आरिफ पुत्र आशिक हैं। इसी हादसे में प्रमोद (18) पुत्र राममूर्ति , संजीव (25) पुत्र रामपाल, पातीराम (27) पुत्र बुद्धसेन , महेंद्र पाल (55) पुत्र रामसहाय, हरीशंकर (35) पुत्र नेतराम, विवेक (20) पुत्र प्रभूदयाल और खुशाली राम (50) घायल हुए। घायलों को हरियाणा के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। हादसे की सूचना मृतकों के घर पहुंचते ही चीखपुकार मच गई। परिवार के कई सदस्य हरियाणा के लिए रवाना हो गए हैं। इधर, स्थानीय अधिकारियों ने गांव पहुंचकर मृतकों के परिजन को ढांढस बंधाया।
ये भी पढ़ें - Bareilly News : टॉयलेट जाने के बहाने बुर्का पहनकर फरार हुई महिला बंदी, चकमा खा गई पुलिस; 2 महिला सिपाही सस्पेंड
