नैनीताल-काठगोदाम हाईवे पर भूस्खलन और पेड़ गिरने से खतरा, पुलिस-NHAI की टीमें तैनात

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

बिजली लाइनें क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीण क्षेत्रों में आपूर्ति प्रभावित, खूपी में भवन की दीवार गिरी

भारी बारिश और भूस्खलन से राष्ट्रीय राजमार्ग पर चुनौतियां बढ़ गई हैं। स्थिति को देखते हुए पुलिस और NHAI की टीमें तैनात कर निगरानी और यातायात व्यवस्था संभाल रही हैं।

नैनीताल। लगातार बारिश के बीच नैनीताल-काठगोदाम राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूस्खलन और पेड़ गिरने की घटनाओं को देखते हुए पुलिस और एनएचएआई की टीमें सतर्क हैं। संवेदनशील स्थानों पर टीमों की तैनाती कर मार्ग पर नजर रखी जा रही है, ताकि भूस्खलन या मलबा आने की स्थिति में तत्काल यातायात सुचारु कराया जा सके। एनएचएआई के अधिशासी अभियंता महेंद्र कुमार ने बताया कि लगातार आपदा संभावित क्षेत्रों में नजर रखी जा रही है। साथ ही सड़क में जेसीबी मशीनें तैनात की गई हैं।

दिन भर प्रभावित रही विद्युत आपूर्ती

नैनीताल। बारिश के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में कई स्थानों पर पेड़ टूटकर बिजली लाइनों पर गिर गए। इससे विद्युत लाइनें क्षतिग्रस्त होने के कारण ज्योलीकोट, देवीधूरा कुछ क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। एसडीओ प्रियंक पांडे ने बताया कि विभाग की टीमें क्षतिग्रस्त लाइनों को दुरुस्त करने में जुटी हैं। फिलहाल विद्युत आपूर्ती बहाल कर दी गई है।

खूपी में घर की दीवार टूटी

बारिश के दौरान खूपी क्षेत्र में संजय कुमार के भवन की दीवार गिरने से अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मौके का निरीक्षण कर प्रभावित परिवार को आवश्यक मदद उपलब्ध कराने की मांग की है। नैनीताल के SDM नवाजिश खलिक ने बताया कि लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन की हर ओर नजर है। लोग किसी भी प्रकार की घटना की जानकारी प्रशासन को दे, ताकि राहत दी जा सके। 

ये भी पढ़ें : 
मूसलाधार बारिश से थमी सरोवर नगरी की रफ्तार, सुनसान पड़े पर्यटन स्थल, जनजीवन प्रभावित

संबंधित समाचार