Uttarakhand : टिहरी के जंगलों में भालू का अटैक, चारे के लिए घास काट रही महिला को किया लहूलुहान
देहरादून। उत्तराखंड में टिहरी जिले के धनोल्टी क्षेत्र में घास काट रही महिला पर भालू ने हमला कर दिया। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) ने जानकारी दी। SEOC के मुताबिक, घटना शनिवार शाम हुई जहां दबाली गांव की रहने वाली सुलैना देवी निकटवर्ती जंगल में पास जंगल में घास काट रही थी। तभी अचानक भालू ने सुलैना देवी पर हमला कर घायल कर दिया। महिला को उपचार के लिए देहरादून के सरकारी दून अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
चारा काटते समय भालू का हमला
बता दें कि सुलैना देवी अपनी 4 साथियों के साथ जंगल गई थीं। चारा काटते समय अचानक भालू ने हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनकी चीख सुनकर साथी महिलाएं मौके पर पहुंचीं और शोर मचाकर दरांती की मदद से भालू को वहां से भगाया।
ग्रामीणों ने पहुंचाया अस्पताल
ग्रामीणों ने महिला को जंगल से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। पहले स्थानीय अस्पताल में इलाज के बाद उन्हें देहरादून के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद ग्रामीणों में डर का माहौल है और वन विभाग से इलाके में गश्त बढ़ाने की मांग की गई है। इस घटना से ग्रामीणों में दहशत है। उन्होंने वन विभाग से क्षेत्र में भालू को भगाने की मांग की।
