हरिद्वार में जन्माष्टमी की धूम, भीड़ प्रबंधन के विशेष इंतजाम; हर जगह बनाये गए चेकिंग पॉइंट 

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

हरिद्वार में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और आगामी त्योहारों को लेकर पुलिस अलर्ट मोड पर है। SSP नवनीत सिंह ने सभी थाना प्रभारियों को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए।

हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और आगामी त्योहारों को लेकर हरिद्वार पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने की कवायद तेज कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने गुरुवार को जिले के सभी थाना प्रभारियों को त्योहारों के दौरान पुलिस बल को पूरी तरह अलर्ट मोड पर रखने को कहा है। 

अलर्ट मोड में रहेगी पुलिस 

भीड़भाड़ वाले इलाकों, धार्मिक स्थलों और वित्तीय प्रतिष्ठानों के आसपास सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था मजबूत रहेगी। सर्राफा बाजार सहित अन्य वित्तीय प्रतिष्ठानों के आसपास पुलिस की नियमित गश्त जारी रहेगी। संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी। अलग-अलग स्थानों पर बैरियर लगाकर संदिग्ध व्यक्तियों, वस्तुओं और वाहनों की सघन चेकिंग की जाएगी। 

हर जगह चेक-इन एवं चेक-आउट पॉइंट्स 

पुलिस की टीमें क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगी। त्योहारों के दौरान बाहर से आने वाले लोगों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए होटल, धर्मशालाओं और अन्य ठहरने वाले स्थानों के चेक-इन एवं चेक-आउट रिकॉर्ड की भी निगरानी होगी।

भीड़ को देखते विशेष व्यवस्था 

होटल और धर्मशाला संचालकों से समन्वय रखते हुए संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस तक पहुंचाने की व्यवस्था रहेगी। वहीं जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिरों और अन्य धार्मिक स्थलों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए वहां विशेष सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। भीड़ प्रबंधन के साथ-साथ धार्मिक स्थलों के आसपास लगातार निगरानी रखी जाएगी। 

किसी भी अप्रिय स्थिति से तत्काल निपटने के लिए पुलिस बल को मुस्तैद रखा जाएगा। एसएसपी नवनीत सिंह ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो, इसके लिए थाना स्तर से लेकर क्षेत्रीय पुलिस अधिकारियों तक लगातार निगरानी रखी जाएगी। 

ये भी पढ़ें : 
कल देशभर में मनाया जाएगा जन्माष्टमी का त्यौहार, रोहिणी नक्षत्र का बन रहा खास सयोंग; जानें पूजन का शुभ मुहूर्त

संबंधित समाचार