Asian Games 2026: भारत के 503 एथलीट लगाएंगे पूरा जोर, नीरज चोपड़ा के बाहर होने से लगा बड़ा झटका

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

19 सितंबर से जापान में शुरू होंगे एशियन गेम्स, वैभव सूर्यवंशी से मनु भाकर तक पर नजर; भारत इस बार 106 पदकों का रिकॉर्ड और बेहतर करना चाहेगा

नई दिल्ली। जापान की मेजबानी में एशियन गेम्स 2026 का आगाज 19 सितंबर से होने जा रहा है। इस बार भारत का 768 सदस्यीय दल प्रतियोगिता में हिस्सा लेगा, जिसमें 503 खिलाड़ी शामिल हैं। 45 देशों के एथलीट 43 अलग-अलग खेलों में पदक के लिए मुकाबला करेंगे। भारतीय दल में युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी से लेकर स्टार शूटर मनु भाकर तक कई बड़े नाम एक्शन में नजर आएंगे।

एशियन गेम्स के इतिहास में भारत को सबसे ज्यादा सफलता एथलेटिक्स में मिली है। भारतीय एथलीट अब तक एथलेटिक्स में 85 स्वर्ण समेत 283 पदक जीत चुके हैं। कबड्डी, कुश्ती और शूटिंग में भी भारत का प्रदर्शन शानदार रहा है। हालांकि इस बार भारत को नीरज चोपड़ा के रूप में बड़ा झटका लगा है।

भारत के 503 एथलीट 36 खेलों में उतरेंगे

एशियन गेम्स 2026 में भारत के 503 एथलीट 36 अलग-अलग खेलों में चुनौती पेश करेंगे। पहले भारतीय दल में 492 खिलाड़ियों को शामिल किया गया था, लेकिन खेल मंत्रालय के आदेश के बाद यह संख्या बढ़कर 503 हो गई।

इनमें 269 पुरुष और 234 महिला एथलीट शामिल हैं। भारत इस बार एशियन गेम्स में सर्फिंग में अपना डेब्यू भी करने जा रहा है।

ओलंपिक में दो बार पदक जीत चुकीं पीवी सिंधू, कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड जीत चुकीं मीराबाई चानू और भारतीय क्रिकेट टीम से भी पदक की उम्मीदें होंगी।

श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम इंडिया एशियन गेम्स के लिए जापान जाएगी। टीम में कई युवा खिलाड़ियों को मौका दिया गया है और 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी पर खास नजर रहेगी।

हॉकी और कबड्डी में भी बड़ी उम्मीदें

भारतीय पुरुष हॉकी टीम एशियन गेम्स में पांचवीं बार चैंपियन बनने के इरादे से उतरेगी। वहीं महिला हॉकी टीम 1982 से चले आ रहे स्वर्ण पदक के सूखे को खत्म करना चाहेगी।

कबड्डी में भी भारत का रिकॉर्ड मजबूत रहा है। 2022 एशियन गेम्स में पुरुष और महिला दोनों वर्गों के फाइनल मुकाबले रोमांचक रहे थे, लेकिन अंत में भारत ने दोनों स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक अपने नाम किया था।

नीरज चोपड़ा नहीं होंगे भारतीय दल का हिस्सा

भारत के लिए सबसे बड़ा झटका नीरज चोपड़ा का एशियन गेम्स से बाहर होना है। पेरिस ओलंपिक्स के रजत पदक विजेता नीरज को कुछ दिन पहले टखने में चोट लगी थी। चोट के कारण वह डायमंड लीग फाइनल्स से भी बाहर हो गए थे।

उनकी गैरमौजूदगी में एथलेटिक्स में भारत की पदक उम्मीदों पर असर पड़ सकता है, हालांकि भारतीय दल में कई अन्य मजबूत दावेदार मौजूद हैं।

डोपिंग विवाद से भी लगा झटका

एशियन गेम्स शुरू होने से पहले भारतीय दल में डोपिंग नियमों के उल्लंघन के कारण भी बदलाव हुआ है। रेसलर मुकुल दहिया और दीपांशु को दल से हटा दिया गया।

वहीं डोपिंग का दोषी पाए जाने के बाद शूटर गौरव कुमार को भी टीम से बाहर कर दिया गया। उनकी जगह आकाश भारद्वाज को भारतीय दल में शामिल किया गया है।

महिला क्रिकेट टीम को जेमिमा की कमी खलेगी

भारतीय महिला क्रिकेट टीम को भी बड़ा झटका लगा है। मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम का हिस्सा नहीं होंगी। वह चोट के कारण एशिया कप में भी नहीं खेल रही हैं।

ऐसे में महिला क्रिकेट टीम को उनकी गैरमौजूदगी में बेहतर संयोजन के साथ मैदान पर उतरना होगा।

2018 से 2022 तक भारत ने लगाई थी बड़ी छलांग

भारत का एशियन गेम्स में पदक प्रदर्शन लगातार बेहतर हुआ है। 2018 में भारत ने 70 पदक जीते थे, जबकि 2022 में भारतीय खिलाड़ियों ने 36 पदकों की बड़ी छलांग लगाते हुए कुल 106 पदक अपने नाम किए। इनमें 28 स्वर्ण पदक शामिल थे।

अब 2026 में भारतीय दल की कोशिश अपने पिछले प्रदर्शन को और बेहतर करने की होगी। बड़े खिलाड़ियों के साथ युवा प्रतिभाओं की मौजूदगी से भारत को कई खेलों में पदक की उम्मीद है।

यह भी पढ़ेंः World Championship 2026: वर्ल्ड जूडो चैंपियनशिप के लिए लखनऊ में जुटे देशभर के पैरा खिलाड़ी, शुरू हुआ खास प्रशिक्षण शिविर

संबंधित समाचार