श्रावस्ती : सीएचसी में गंदगी देख नाराज हुईं महिला आयोग की सदस्य, डॉक्टर को लगाई फटकार
इकौना(श्रावस्ती), अमृत विचार : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना का गुरुवार को राज्य महिला आयोग की सदस्य अंजू प्रजापति ने निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया। बताया जा रहा है कि निरीक्षण में कई कमियां सामने आई हैं, जिसे सुधारने के निर्देश दिये गये हैं।
राज्य महिला आयोग की सदस्य अंजू प्रजापति इकौना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची। जहां पर उन्होंने सबसे पहले कैंटीन का को देखा, कैंटीन में खाने-पीने की वस्तुओं के पास गंदगी मिलने पर वह भड़क उठीं। इतना ही नहीं अस्पताल में मरीजों को निर्धारित मात्रा में खाना नहीं मिलने की शिकायत पर भी उनके सामने आईं। ऐसे में उन्होंने सीएचसी अधीक्षक को फटकार लगाते हुए व्यवस्था को सुधारने को कहा है। राज्य महिला आयोग की सदस्य ने लेबर रूम, इमरजेंसी वार्ड व ओपीडी रजिस्टर का भी निरीक्षण किया।
उन्होंने मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं सहित अस्पताल की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। निरीक्षण में मिली कमियों को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को साफ-सफाई, मरीजों को भोजन उपलब्ध कराने व स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर और व्यवस्थित स्वास्थ्य सुविधाएं मिलनी चाहिए।
यह भी पढ़ें : कानपुर : अष्टमी तिथि के साथ रोहिणी नक्षत्र के दुर्लभ संयोग में मनाया जायेगा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व
