Asian Games 2026 Cricket Draws: भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश और श्रीलंका सीधे नॉकआउट में, जानिए पूरा शेड्यूल

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

एशियन गेम्स 2026 के क्रिकेट ड्रॉ का ऐलान। भारत समेत चार शीर्ष टीमों को सीधे नॉकआउट में एंट्री, जबकि छह टीमें शुरुआती दौर से करेंगी खिताब की दौड़ की शुरुआत।

नागोया (जापान): एशियन गेम्स 2026 की क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए पुरुष और महिला वर्ग का ड्रॉ और साथ ही ग्रुप का ऐलान कर दिया गया है। पुरुष वर्ग में भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश और श्रीलंका को उनकी रैंकिंग के आधार पर सीधे नॉकआउट चरण में जगह मिली है।

वहीं अफगानिस्तान, हांगकांग, जापान, मलेशिया, नेपाल और ओमान की टीमें पहले राउंड में मुकाबला करेंगी। शुरुआती चरण से आगे बढ़ने वाली चार टीमें नॉकआउट में पहले से क्वालिफाई कर चुकी शीर्ष टीमों से भिड़ेंगी।

पुरुष वर्ग में 10, महिला वर्ग में 8 टीमें लेंगी हिस्सा

एशियन गेम्स 2026 के पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट में कुल 10 टीमें हिस्सा लेंगी, जबकि महिला वर्ग में 8 टीमें खिताब के लिए मुकाबला करेंगी।

महिला क्रिकेट प्रतियोगिता की शुरुआत सीधे क्वार्टर फाइनल मुकाबलों से होगी। निर्धारित मुकाबलों के अनुसार:

-भारत बनाम जापान
-बांग्लादेश बनाम चीन
-श्रीलंका बनाम मलेशिया
-पाकिस्तान बनाम थाईलैंड

महिला प्रतियोगिता 17 से 22 सितंबर तक आयोजित होगी।

पुरुष टूर्नामेंट का कार्यक्रम

पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता 24 सितंबर से 1 अक्टूबर तक खेली जाएगी।

पहले राउंड में:

ग्रुप A: अफगानिस्तान, जापान और नेपाल
ग्रुप B: हांगकांग, मलेशिया और ओमान

दोनों ग्रुपों की शीर्ष दो टीमें नॉकआउट चरण में पहुंचेंगी, जहां उनका मुकाबला भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश और श्रीलंका जैसी शीर्ष टीमों से होगा।

सभी मुकाबले जापान के नागोया में टी-20 प्रारूप में खेले जाएंगे।

भारत करेगा स्वर्ण पदक बचाने की कोशिश

भारत के लिए यह टूर्नामेंट अपने खिताब का बचाव करने का अवसर होगा। एशियन गेम्स 2023 में भारतीय पुरुष और महिला दोनों टीमों ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया था।

पुरुष फाइनल में बारिश के कारण मुकाबला पूरा नहीं हो सका था। उस समय भारत को बेहतर सीडिंग के आधार पर विजेता घोषित किया गया था। वहीं महिला टीम ने फाइनल में श्रीलंका को 19 रन से हराकर गोल्ड मेडल जीता था।

यह भी पढ़ेः CWG 2026 Opening Ceremony: मीराबाई चानू और लवलीना बोरगोहेन ने किया भारतीय दल का नेतृत्व, ग्लासगो में भव्य आगाज

संबंधित समाचार