राम मंदिर चढ़ावा विवाद : ट्रस्ट ने आरोपों को बताया निराधार, चंपत राय बोले- ऑडिट जारी, अब तक नहीं मिली कोई गड़बड़ी
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने राम मंदिर के चढ़ावे में कथित गड़बड़ी के आरोपों पर सफाई देते हुए कहा है कि ट्रस्ट के खातों का नियमित आंतरिक ऑडिट किया जाता है और अब तक किसी प्रकार की उल्लेखनीय अनियमितता सामने नहीं आई है।
लखनऊ/अयोध्या, अमृत विचार : श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने राम मंदिर के चढ़ावे में कथित गड़बड़ी के आरोपों पर सफाई देते हुए कहा है कि ट्रस्ट के खातों का नियमित आंतरिक ऑडिट किया जाता है और अब तक किसी प्रकार की उल्लेखनीय अनियमितता सामने नहीं आई है। ट्रस्ट महासचिव चंपत राय ने रविवार को जारी बयान में कहा कि वर्तमान में भी ऑडिट प्रक्रिया जारी है।
जानिए क्या बोले ट्रस्ट महासचिव चंपत राय?
चंपत राय ने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र का समय-समय पर आंतरिक ऑडिट कराया जाता है। इस प्रक्रिया में ट्रस्ट के प्रतिनिधियों के साथ भारतीय स्टेट बैंक के अधिकारी भी शामिल रहते हैं। ऑडिट कार्य कई दिनों तक चलता है और फिलहाल यही प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि अब तक ऑडिट में कोई ऐसी बात सामने नहीं आई है, जिसे उल्लेखनीय या चिंताजनक माना जाए। ट्रस्ट ने अप्रत्यक्ष रूप से उन आरोपों को खारिज किया है, जिनमें मंदिर के चढ़ावे की रकम में गड़बड़ी की आशंका जताई जा रही थी।
अखिलेश यादव ने की थी निष्पक्ष जांच की मांग
गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने हाल में सोशल मीडिया पर राम मंदिर चढ़ावे से जुड़े आरोपों को गंभीर बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की थी। इसके बाद यह मुद्दा राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया था।
