Bihar News : पटना में छात्रों का भारी बवाल, हालात बेकाबू-पुलिस ने दागे आंसू गैस के गोले
बिहार पुलिस प्रोहिबशन कॉन्स्टेबल भर्ती परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थी ट्रेनों की देरी से भड़क गए। पाटिलपुत्र रेलवे स्टेशन पर प्रदर्शन के बाद तोड़फोड़ पर उतर आए। हालात बिगड़ने पर पुलिस को यहां हवाई फायरिंग के साथ आंसू गैस के गोले दागने पड़े हैं।
अमृत विचार : बिहार की राजधानी पटना (Patna) में भारी बवाल हो गया। बिहार पुलिस प्रोहिबशन कॉन्सटेबल भर्ती परीक्षा देने पटना पहुंचे अभ्यर्थी ट्रेनों की देरी पर भड़क गए। रविवार को पाटिलपुत्र रेलवे स्टेशन (Patilputra Railway Station) पर उनका विरोध-प्रदर्शन हिंसक हो गया। पथराव के बीच रेलवे स्टेशन पर भयंकर तोड़फोड़ मचाई। हालात बेकाबू होने पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। हवाई फायरिंग और आंसू गैस के गोले दागे हैं।
बिहार पुलिस प्रोहिबशन कॉन्स्टेबल भर्ती परीक्षा के लिए हजारों छात्र पाटिलपुत्र रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। ट्रेन देरी से चल रही थी, जिससे छात्र भड़क गए। आक्रोशित छात्रों की भीड़ रेलवे ट्रैक पर पहुंच गई। विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया। छात्रों ने मांग उठाई कि उन्हें स्पेशल ट्रेन के जरिये परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा।
छात्रों के आक्रोश के आगे स्थानीय अधिकारी पस्त पड़ गए। रेलवे व्यवस्था और ट्रेनों का संचालन बिगड़ने लगा। कई ट्रेनें रात तक फंसी रहीं। उधर, अधिकारी किसी तरह छात्रों को शांत करने की कोशिशों में जुट रहे। इसी बीच माहौल बिगड़ गया और पथराव होने लगा।
छात्रों की बेकाबू भीड़ उत्पात करने लगी। रेलवे स्टेशन पर तोड़फोड़ और पथराव से हालात जब अनियंत्रित हो गए तो पुलिस ने यहां सख्ती दिखाई। लाठियां चलाकर भीड़ को खदेड़ा गया। स्थितियां तब भी कंट्रोल नहीं आईं तो हवाई फायरिंग के साथ आंसू गैस के गोले दागे गए। फिलहाल अभी स्थिति नियंत्रित है और पुलिस सक्रिय रहे। पुलिस प्रशासन पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटा है।
