Bareilly News : खाद वितरण में धांधली का आरोप, कुंवरपुर बंजरिया समिति की जांच शुरू

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

डीएम के निर्देश पर जिला कृषि अधिकारी ने एडीसीओ के साथ मारा छापा, किसानों ने लगाया अभद्र व्यवहार का आरोप, गोदाम में अव्यवस्थित मिले खाद के बोरे

बरेली के बिथरी चैनपुर ब्लॉक की कुंवरपुर बंजरिया समिति में खाद वितरण में धांधली का आरोप लगा है। डीएम के निर्देश पर जिला कृषि अधिकारी ने छापा मारा।

बरेली, अमृत विचार। बिथरी चैनपुर विकासखंड के किसानों ने मंगलवार को सहकारी समिति कुंवरपुर बंजरिया के सचिव पर उर्वरक वितरण में धांधली का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से शिकायत की। डीएम के निर्देश पर जिला कृषि अधिकारी ऋतुषा तिवारी ने अपर जिला सहकारी अधिकारी के साथ समिति पहुंचकर जांच की। किसानों के बयान दर्ज किए गए और सचिव से स्पष्टीकरण मांगा।

जांच के दौरान किसानों ने सचिव पर अभद्र व्यवहार करने और मनमाने तरीके से खाद वितरण करने के आरोप लगाए। जिसके बाद जिला कृषि अधिकारी ने समिति के उर्वरक बिक्री रजिस्टर, पीओएस मशीन और गोदाम में उपलब्ध उर्वरक के बैग की जांच कराई। हालांकि गोदाम में उर्वरक के बैग नियमानुसार भंडारित नहीं होने के कारण उनकी गिनती नहीं हो सकी। इस पर समिति सचिव को चेतावनी दी। अधिकारियों ने मौके पर किसानों से खाद वितरण को लेकर जानकारी लेकर संबंधित अभिलेखों को देखा। कृषि अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और सचिव से मांगे गए स्पष्टीकरण के आधार पर रिपोर्ट तैयार की जा रही है। संयुक्त जांच आख्या बुधवार को जिलाधिकारी को कार्रवाई के लिए सौंपी जाएगी।

ये भी पढ़ें - Bareilly News : अस्पताल में एक्सरे के दौरान मशीन गिरने मरीज की मौत, हंगामा

संबंधित समाचार