बिसुही नदी पुल का 60% काम पूरा, 2028 से फर्राटा भरेंगे वाहन; अयोध्या-अंबेडकरनगर-सुल्तानपुर का सफर होगा आसान
15.69 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा 71 मीटर लंबा डबल लेन पुल, हजारों ग्रामीणों को मिलेगा सीधा फायदा
अंबेडकरनगर, अमृत विचार। कटेहरी क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग अब पूरी होने की ओर बढ़ रही है। गोसाईंगंज-भीटी-महरूआ-दोस्तपुर मार्ग पर बिसुही नदी पर बन रहे आधुनिक दीर्घ सेतु का निर्माण कार्य जारी है। करीब 15.69 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस पुल का 60 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा हो चुका है। यदि निर्माण कार्य तय समय पर पूरा हुआ तो 1 जनवरी 2028 से इस पुल पर वाहनों का आवागमन शुरू हो जाएगा।
सेतु निगम लिमिटेड अयोध्या के परियोजना प्रबंधक रोहित अग्रवाल के अनुसार परियोजना को 20 दिसंबर 2025 को स्वीकृति मिली थी और इसे 31 दिसंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित है। अब तक परियोजना के लिए 14.88 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं, जिनमें से 7.25 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं। 71 मीटर लंबे इस डबल लेन पुल में 7.5 मीटर चौड़ा कैरिजवे बनाया जा रहा है। परियोजना में फाउंडेशन और सब-स्ट्रक्चर का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि वर्तमान में सुपर स्ट्रक्चर का निर्माण तेजी से चल रहा है। पुल के निर्माण से अयोध्या, अंबेडकरनगर और सुल्तानपुर के बीच सड़क संपर्क बेहतर होगा। खासकर गोसाईंगंज-भीटी-महरूआ-दोस्तपुर मार्ग पर आवागमन आसान होने से हजारों ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा। इससे यात्रा का समय और खर्च दोनों कम होंगे तथा क्षेत्र में व्यापारिक और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
पुल बनने के बाद क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मिलेगी नई मजबूती : बिसुही नदी
पर पुल निर्माण लंबे समय से क्षेत्रवासियों की प्रमुख मांग रही है। निर्माण कार्य में तेजी आने से लोगों में उम्मीद जगी है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर यह परियोजना पूरी हो जाएगी। पुल बनने के बाद क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिलेगी और आसपास के गांवों के विकास को भी गति मिलेगी। योगी सरकार की महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना परियोजनाओं में शामिल यह सेतु कटेहरी क्षेत्र के विकास की नई पहचान बनने की ओर अग्रसर है।
