Bahraich News: खेत की रखवाली कर रहे किसान पर तेंदुए का हमला, ग्रामीणों ने बचाई जान

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के मोतीपुर रेंज की घटना, घायल किसान अस्पताल में भर्ती

बहराइच के कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग में खेत की रखवाली कर रहे किसान पर तेंदुए ने हमला कर दिया। ग्रामीणों के पहुंचने पर किसान की जान बची, वन विभाग जांच में जुटा।

बहराइच। कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के मोतीपुर रेंज क्षेत्र में एक किसान पर तेंदुए के हमले का मामला सामने आया है। खेत की रखवाली कर रहे किसान पर अचानक तेंदुए ने हमला कर दिया। किसान की चीख सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया और किसान की जान बच सकी। घायल किसान को इलाज के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।

खेत में रखवाली कर रहा था किसान

जानकारी के मुताबिक, परवानी गौढ़ी गांव निवासी पुजारी (48 वर्ष) रोज की तरह अपने घर से करीब 300 मीटर दूर स्थित खेत में फसल की रखवाली कर रहे थे। सुबह करीब 6 बजे अचानक एक तेंदुआ खेत में पहुंचा और किसान पर हमला कर दिया। हमले के दौरान किसान ने शोर मचाया।

ग्रामीणों के पहुंचने पर जंगल में भागा तेंदुआ

किसान की आवाज सुनकर आसपास के खेतों में मौजूद लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और हांका लगाया। लोगों की आवाज सुनकर तेंदुआ वहां से भागकर जंगल में चला गया। घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली।

वन विभाग कर रहा निगरानी

वन कर्मियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं, घायल किसान का इलाज मिहींपुरवा स्वास्थ्य केंद्र में कराया जा रहा है। वन विभाग क्षेत्र में तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रख रहा है।

ये भी पढ़ें : 
Mirzapur News: कंटेनर घर में घुसने से पिता-पुत्र की मौत, विंध्याचल क्षेत्र में दर्दनाक हादसा

 

 

संबंधित समाचार