मौत से छीन लाए जिंदगी : गोंडा में डूबते युवक को बचाने वाले हेड कांस्टेबल पवन यादव को एसपी ने किया सम्मानि

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

गोंडा, अमृत विचार : थाना धानेपुर क्षेत्र की सरयू नहर में डूब रहे युवक की जान बचाकर मानवता और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश करने वाले हेड कांस्टेबल पवन यादव को पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने गुरुवार को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। बुधवार को अलावल देवरिया स्थित सरयू नहर में एक युवक डूब रहा था। लोगों ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही बग्गीरोड कस्बे में मौजूद थाने के हेड कांस्टेबल पवन यादव मौके पर पहुंचे। वहां एक युवक नहर के तेज बहाव में बह रहा था और मदद के लिए पुकार रहा था। हालात की गंभीरता को देखते हुए पवन यादव ने बिना देर किए अपनी जान की परवाह किए बिना नहर में छलांग लगा दी।

6

तेज बहाव के बीच काफी मशक्कत के बाद उन्होंने युवक तक पहुंचकर उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बाद में युवक की पहचान राकेश कुमार पुत्र स्वर्गीय नानबाबू, निवासी मोहल्ला खलबा, थाना कोतवाली नगर, जनपद गोंडा के रूप में हुई। सूचना पर पहुंचे उसके चाचा बाबूलाल को आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद युवक सकुशल सौंप दिया गया।

हेड कांस्टेबल पवन यादव के इस साहसिक और सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने गुरुवार को उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। एसपी ने कहा कि मानव जीवन की रक्षा के लिए प्रदर्शित उनका साहस, त्वरित निर्णय क्षमता और कर्तव्यनिष्ठा पुलिस बल के लिए प्रेरणादायक एवं अनुकरणीय उदाहरण है।

सामाजिक संगठनों ने भी किया सम्मानित

अमृत विचार: इस बहादुरी पर धानेपुर थाना प्रभारी अरविंद यादव व धानेपुर सहायता समूह के लोगों ने भी हेड कांस्टेबल पवन यादव को थाने में सम्मानित किया और उनके प्रयास की सराहना की। इस मौके पर सतीश तिवारी, हसीब अंसारी समेत अन्य मौजूद रहे।

संबंधित समाचार