Bareilly News : नगर निगम के निशाने पर कार्य लटकाने वाले ठेकेदार
नगर आयुक्त ने लंबित परियोजनाओं की सूची तैयार करने के दिए निर्देश, अधूरे विकास कार्यों पर ठेकेदारों पर जुर्माना व ब्लैकलिस्ट की होगी कार्रवाई
बरेली, अमृत विचार। शहर की सड़कों, नालों और अन्य विकास कार्यों की कछुआ चाल देखकर नगर निगम अब पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। बुधवार को हुई समीक्षा बैठक के दौरान नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने लापरवाह ठेकेदारों को आड़े हाथों लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो भी निर्माण एजेंसियां तय समय सीमा के भीतर काम पूरा करने में नाकाम रही हैं, उन पर तुरंत जुर्माना लगाया जाए।
दरअसल, शहर के विभिन्न वार्डों में लंबे समय से विकास कार्य अधूरे लटके होने के कारण स्थानीय जनता को रोजाना आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जिससे पार्षदों और जनप्रतिनिधियों में भी गहरा आक्रोश है। इसी को देखते हुए नगर आयुक्त ने शहर में चल रहे सड़क, नाला निर्माण और अन्य बुनियादी विकास परियोजनाओं की गहन समीक्षा की। जांच में सामने आया कि कई स्थानों पर निर्धारित समय बीत जाने के बावजूद काम अधर में लटके हैं। इस पर संबंधित विभागीय अधिकारियों को आदेश दिया कि वे शहर के सभी लंबित और अधूरे पड़े प्रोजेक्ट्स की एक विस्तृत सूची तत्काल तैयार करें। इस सूची के आधार पर सुस्ती बरतने वाली और काम में कोताही करने वाली निर्माण एजेंसियों की पहचान की जाएगी। इसके बाद लापरवाह ठेकेदारों से न सिर्फ नियमानुसार कड़ा जुर्माना वसूला जाएगा, बल्कि उनके खिलाफ ब्लैकलिस्ट जैसी कार्रवाई भी शुरू की जाएगी।
