Barabanki News : समाधान दिवस में उमड़े फरियादी, 62 शिकायतें निस्तारित
सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम ने दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
बाराबंकी, अमृत विचार। तहसील सिरौलीगौसपुर में जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जनसमस्याओं की सुनवाई की गई। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय, उपजिलाधिकारी अनिल सरोज समेत सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। भीषण गर्मी के बावजूद समाधान दिवस में फरियादी उमड़े।
डीएम ने लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की दी चेतावनी
जिलाधिकारी ने शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश देते हुए लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। समाधान दिवस में ग्राम जमीना निवासी मुन्ना पुत्र बकरीदी ने खेत के रास्ते से अतिक्रमण हटाने तथा पत्तीपुर निवासी रमाकांत शुक्ला ने सार्वजनिक नाली पर अतिक्रमण की शिकायत की।
डीएम ने दोनों मामलों में जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं परसा, परगना बदोसराय के ग्रामीणों ने चकबंदी के चलते फार्मर रजिस्ट्री न होने और खाद मिलने में दिक्कत की समस्या उठाई, जिस पर डीएम ने जिला कृषि अधिकारी को प्रभावित गांवों में सत्यापन कर किसानों को खाद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
पौधरोपण कर डीएम ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
समाधान दिवस में पहुंचने पर जिलाधिकारी ने तहसील परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। तहसील नवाबगंज में अपर जिलाधिकारी निरंकार सिंह की अध्यक्षता में 236 में से 25, सिरौलीगौसपुर में 57 में से 13, रामसनेहीघाट में 72 में से 9, रामनगर में 121 में से 7, फतेहपुर में 32 में से 4 तथा हैदरगढ़ में 74 में से 4 प्रार्थना पत्रों का मौके पर निस्तारण किया गया।
