बलरामपुर : मां पाटेश्वरी के दरबार में सीएम योगी, शक्तिपीठ के दर्शन कर लिया आशीर्वाद, संत-महात्माओं और क्षेत्रीय लोगों से की मुलाकात
बलरामपुर। गोरक्षपीठाधीश्वर एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार सुबह बलरामपुर जिले के तुलसीपुर स्थित शक्तिपीठ मां पाटेश्वरी देवी मंदिर में दर्शन-पूजन कर प्रदेशवासियों के सुख, स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को बलरामपुर पहुंचे थे।
विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद उन्होंने मां पाटेश्वरी मंदिर परिसर में रात्रि विश्राम किया। शनिवार प्रातः उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर मां की आरती उतारी और प्रदेश की खुशहाली के लिए प्रार्थना की।
दर्शन-पूजन के उपरांत मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा श्रद्धालुओं का अभिवादन किया। उन्होंने मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और स्वच्छता से संबंधित व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया तथा आवश्यक निर्देश दिए।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर स्थित गोशाला में पहुंचकर गौसेवा भी की। उन्होंने गोवंश को गुड़ और हरा चारा खिलाया तथा गो संरक्षण के महत्व पर बल दिया। मुख्यमंत्री ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, संत-महात्माओं और क्षेत्रीय लोगों से भी मुलाकात की।
दर्शन-पूजन कार्यक्रम के बाद वह गोंडा जिले के लिए रवाना हो गए। इस अवसर पर महंत मिथिलेश नाथ योगी, कालीबाड़ी गोरखपुर के महंत रविंद्र दास, विधायक पलटूराम, कैलाश नारायण शुक्ल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें :
गाजीपुर मुठभेड़ पर कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने उठाए सवाल, पुलिस कार्रवाई पर बोले-रक्षक या भक्षक?
