UP News: गंगा एक्सप्रेसवे पर टायर फटने से कार पलटी, एक ही परिवार के चार लोग घायल

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

संभल, अमृत विचार। गंगा एक्सप्रेसवे पर रविवार सुबह तेज रफ्तार कार का टायर फटने से वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में पति-पत्नी, उनकी बेटी और साली गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को यूपीडा की एंबुलेंस से जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।

हादसा थाना कैलादेवी क्षेत्र में खिरनी टोल प्लाजा गांव अझरा के निकट सुबह 10 बजे हुआ। लखनऊ निवासी विनय कुमार मौर्य अपने परिवार के साथ सियाज कार से गंगा एक्सप्रेसवे के रास्ते चंडीगढ़ जा रहे थे। इसी दौरान कार का ड्राइवर साइड का टायर फट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर एक्सप्रेसवे पर पलट गया। हादसे में विनय कुमार मौर्य (39) पुत्र रामनरेश मौर्य, उनकी पत्नी एकता मौर्य (34), साली महिमा (25) और छह वर्षीय बेटी नमिस्का घायल हो गईं। कार में मौजूद पालतू कुत्ता सुरक्षित बच गया। 

घायल विनय ने बताया कि वह लखनऊ स्थित केजीएमसी डेंटल कॉलेज में जूनियर एडमिनिस्ट्रेशन ऑफिसर हैं। रविवार सुबह परिवार के साथ चंडीगढ़ निवासी भाई अजय मौर्य के घर जा रहे थे। अचानक कार का टायर फट गया, जिससे वाहन पलट गया। हादसे के बाद घायल होने के बावजूद विनय पत्नी, बेटी और साली की देखभाल में जुटे रहे। जिला संयुक्त चिकित्सालय के डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि चार लोगों को एंबुलेंस से अस्पताल लाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद दो महिलाओं को एक्स-रे और सीटी स्कैन के लिए भेजा गया है।

संबंधित समाचार