Amethi news: कच्चे मकान की दीवार गिरी, मलबे में दबकर मां-बेटी की मौत, बेटा गंभीर रूप से घायल

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

जामो/अमेठी, अमृत विचार: थाना क्षेत्र के पूरे परमेश्वरी घाटमपुर गांव में शनिवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया। मिट्टी के मकान की कच्ची दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे मलबे में दबकर मां-बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। रात में सोते समय हुआ हादसा ग्रामीण ओमप्रकाश के अनुसार, उनकी पत्नी कमलेश कुमारी (35), बेटी आशी (7) और बेटा दीपांशु (8) शुक्रवार रात घर के भीतर सो रहे थे। शनिवार तड़के लगभग 3 से 4 बजे के बीच अचानक कच्ची दीवार गिर गई, जिससे तीनों मलबे में दब गए।

चीख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर तीनों को बाहर निकाला। अस्पताल में दो को मृत घोषित किया गया। 

MUSKAN DIXIT (1)

ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जामो पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने कमलेश कुमारी और उनकी बेटी आशी को मृत घोषित कर दिया।

वहीं गंभीर रूप से घायल दीपांशु को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जामो थाना निरीक्षक विनोद सिंह ने बताया कि हादसा कच्ची दीवार गिरने के कारण हुआ है। अस्पताल से प्राप्त डेथ मेमो के आधार पर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इसके साथ ही प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है ताकि पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

एक झटके में उजड़ गया परिवार

पूरे परमेश्वरी घाटमपुर गांव में इस हादसे ने सभी को झकझोर दिया है। जिस घर में कल तक बच्चों की हंसी गूंजती थी, वहां अब मातम पसरा है। मां और बेटी की मौत से परिवार टूट गया है, जबकि घायल बेटा जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। ग्रामीण लगातार पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने और मदद पहुंचाने में जुटे हुए हैं।

संबंधित समाचार