शिक्षकों को जल्द मिलेगा कैशलेस इलाज कार्ड, ऑनलाइन आवेदन का प्रोफार्मा जारी, जानें क्या है जरूरी details

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

आधार सत्यापन, ई-केवाईसी और ऑनलाइन मंजूरी के बाद डाउनलोड होगा कार्ड

लखनऊ, अमृत विचार: मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों के लिए कैशलेस चिकित्सा कार्ड बनाने की प्रक्रिया जल्द शुरू होने जा रही है। योजना के तहत जारी किए जाने वाले कार्ड का डिजाइन तैयार कर लिया गया है, जबकि ऑनलाइन आवेदन और पंजीकरण का प्रोफार्मा भी जारी कर दिया गया है। विभागीय अनुमोदन मिलते ही शिक्षक आवेदन कर कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे।

शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार शिक्षक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन प्रक्रिया में आधार नंबर से जुड़े मोबाइल पर ओटीपी के माध्यम से सत्यापन किया जाएगा। आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने के बाद आवेदन पत्र को अंतिम रूप से जमा किया जा सकेगा। यदि कोई शिक्षक अपने आश्रित परिवारजन को भी योजना में शामिल करना चाहता है तो आवेदन में संबंधित विकल्प का चयन करना होगा। आवेदन जमा होने के बाद मोबाइल पर संदेश भेजकर बताया जाएगा कि आवेदन सत्यापन के लिए संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) को भेज दिया गया है।

बीईओ के अनुमोदन के बाद आवेदन बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) स्तर पर पहुंचेगा। अंतिम स्वीकृति मिलने पर आवेदक को मोबाइल पर सूचना दी जाएगी। ई-केवाईसी और दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद कैशलेस चिकित्सा कार्ड जनरेट होगा, जिसे शिक्षक ऑनलाइन डाउनलोड कर सकेंगे।

संबंधित समाचार