देवरिया में भी बढ़ेंगी खान सर की मुश्किलें, पैतृक गांव भाटपार रानी में भूमि विवाद पर हंगामा, ग्रामीणों ने रास्ता रोकने का लगाया आरोप
देवरिया। बिहार की राजधानी पटना में हालिया विवादों से चर्चा का केंद्र बिंदु बने शिक्षाविद् एवं कोचिंग संचालक खान सर (फैसल खान) को लेकर उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के उनके पैतृक क्षेत्र भाटपार रानी में भी विरोध के स्वर सुनाई देने लगे हैं। स्थानीय लोगों और कुछ पट्टीदारों ने उन पर गांव में विकास कार्यों में बाधा उत्पन्न करने तथा भूमि एवं रास्ते से जुड़े विवादों में हस्तक्षेप करने के आरोप लगाए हैं।
खान सर के पट्टीदारों ने लगाए प्रताड़ना के आरोप
भाटपार रानी नगर क्षेत्र के डोमडीह वार्ड में रहने वाले कुछ स्थानीय लोगों का आरोप है कि खान सर अथवा उनके परिजनों से जुड़े विवादों के कारण क्षेत्र में विकास कार्य प्रभावित हुए हैं। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। डोमडीह वार्ड के सभासद आदित्य सिंह ने आरोप लगाया कि नगर पंचायत द्वारा बनवाए जा रहे नाले के निर्माण कार्य को लेकर आपत्ति जताए जाने से परियोजना प्रभावित हुई थी। वहीं कुछ स्थानीय निवासियों और खान सर के पट्टीदारों ने रास्ते के विवाद तथा एक दीवार तोड़े जाने जैसे आरोप भी लगाए हैं।
लंबे समय तक तनाव की स्थिति
स्थानीय निवासी अशोक सिंह ने दावा किया कि क्षेत्र में भूमि खरीद से जुड़े विवाद के बाद रास्ते को लेकर लंबे समय तक तनाव की स्थिति बनी रही। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके घर की बाउंड्री वॉल को भी नुकसान पहुंचाया गया था। ग्रामीणों के अनुसार खान सर गांव में कम ही आते हैं, हालांकि उन्होंने वहां एक बड़ा आवास बनवाया है।
नाला निर्माण को लेकर बढ़ा तनाव
बताया जाता है कि इसी मकान के सामने से गुजरने वाली सड़क के किनारे नाले के निर्माण को लेकर विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई थी। इस संबंध में खान सर का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनकी कोई प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी थी। उल्लेखनीय है कि ये आरोप स्थानीय स्तर पर लगाए गए हैं और इनकी आधिकारिक अथवा न्यायिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले में खान सर या उनके प्रतिनिधियों की प्रतिक्रिया आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
ये भी पढ़ें :
बलरामपुर : मां पाटेश्वरी के दरबार में सीएम योगी, शक्तिपीठ के दर्शन कर लिया आशीर्वाद, संत-महात्माओं और क्षेत्रीय लोगों से की मुलाकात
