Ghaziabad News : खोड़ा के सूर्या चौहान हत्याकांड के मुख्य आरोपी असद की पुलिस मुठभेड़ में मौत
बकरीद पर 28 मई को सूर्या चौहान की हत्या की गई थी। उन्हें चाकुओं से गोदकर मौत के घाट उतारा गया था। इस हत्याकांड ने पूरे दिल्ली-एनसीआर को हिलाकर रख दिया। पुलिस ने तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। असद पर 50 हजार रुपये का ईनाम घोषित था।
अमृत विचार : गाजियाबाद की खोड़ा कॉलोनी में सूर्या चौहान हत्याकांड (Surya Chauhan Murder Case) पर बड़ी खबर सामने आ रही है। पुलिस ने मुख्य आरोपी असद को एनकाउंटर में मार गिराया है। उस पर 50 हजार रुपये का ईनाम था। शनिवार-31 मई की दरम्यिानी रात पुलिस के साथ मुठभेड़ में असद घायल हो गया था। इलाज के लिए उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट के खोड़ा थाना क्षेत्र में 28 मई को दिल दहलाने वाला हत्याकांड सामने आया था। बकरीद का दिन था। आरोपियों ने सूर्या को बुलाया और फिर ताबड़तोड़ चाकुओं से प्रहार करके, उसे मौत के घाट उतार दिया था।
हत्याकांड के फुटेज सामने आने के बाद हंगामा खड़ा हो गया। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने 5 नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। हत्याकांड के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो फरार चल रहे थे।
पुलिस पर चलाने लगा गोलियां
शनिवार रात मुख्य आरोपी असद पुलिस के हत्थे चढ़ गया। आरोप है कि घेराबंदी के दौरान उसने पुलिस पर हमला कर दिया। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की गोलियों से असद घायल हो गया। पुलिस उसे लेकर अस्पताल गई। इलाज के दौरान असद की मौत हो गई। असद पर पुलिस ने 50 हजार रुपये का ईनाम घोषित कर रखा था।
एनकाउंटर की शर्त पर अंतिम संस्कार
सूर्या चौहान के घरवालों ने मुख्य आरोपी असद का एनकाउंटर होने तक अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया था। उधर, हिंदू संगठनों ने भी उबाल देखा जा रहा था। पुलिस-प्रशासन ने किसी तरह से परिवार को समझाकर सूर्या का अंतिम संस्कार कराया था। लेकिन यहां आक्रोश नहीं थम रहा था। पीड़ित परिवार से लेकर हिंदू संगठन तक, असद के एनकाउंटर की मांग उठा रहे थे।
दोस्तों ने घर बुलाकर मार डाला
-सूर्या चौहान का परिवार खोड़ा की नवनीत विहार कॉलोनी में रहता है। सूर्या 11वीं कक्षा का छात्र था। उनके भाई यश का आरोप है आरोपियों ने बकरीद पर सूर्या को अपने घर बुलाया था। सूर्या के साथ आयुष और विक्की भी गए थे। आयुष और विक्की के मुताबिक, आरोपियों ने सूर्या से कहा कि तुमने कभी बकरा हलाल होते देखा है। उसने न बोला तो कहा कि आओ दिखाते हैं। इनकार करने पर झगड़ा हो गया। और आखिर में आरोपियों ने चाकुओं से हमला करके, उसे मौत के घाट उतार दिया। घायल सूर्या की इलाज के दौरान मौत हो गई थी।
हिंदू संगठनों में आक्रोश, फोर्स तैनात
-खोड़ा के सूर्या चौहान हत्याकांड ने हर किसी को झकझोर दिया है। इस घटना ने दिल्ली के उत्तमनगर हत्याकांड को ताजा कर दिया है, जब होली पर रंग डालने के विवाद में एक युवक की हत्या कर दी गई थी। दिल्ली की तरह खोड़ा में भी तनाव के हालात हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर यहां भारी पुलिस-बल तैनात किया गया है। वरिष्ठ अधिकारी खुद हालात पर नजर बनाए हैं।
