एमबीबीएस में दाखिले के नाम पर ऐंठे 18.25 लाख

Amrit Vichar Network
Edited By Indrabhushan Dubey
On

हिंद इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल कॉलेज साइंस में दिया था दाखिले का आश्वासन

कार्यालय संवाददाता, लखनऊ, अमृत विचार: एमबीबीएस में दाखिला दिलाने के नाम पर जालसाजों ने झारखंड के व्यक्ति से 18.25 लाख रुपये ऐंठ लिए। आरोपियों ने स्टडी पाथवे कंसल्टेंसी के नाम से फर्जी वेबसाइट बनायी। वेबसाइट में हिंद इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल कॉलेज साइंस कॉलेज में में दाखिले का झांसा दिया। रुपये लेने के बाद आरोपी कार्यालय बंदकर फरार हो गए। एडीसीपी क्राइम किरन यादव के आदेश पर विभूतिखंड पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

झारखंड के पलामू निवासी संतोष कुमार साहू ने बताया कि वे बेटी का दाखिला मेडिकल में कराने के प्रयासरत थे। जून 2025 में उन्होंने गूगल पर सर्च किया तो स्टडी पाथवे कंसलटेंसी डॉट कॉम नाम से वेबसाइट मिली। वेबसाइट में एमबीबीएस में दाखिले से संबंधित जानकारियां थी। इसके अलावा वेबसाइट पर कई मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी थी। दिए गए मोबाइल नंबर पर जब संपर्क किया तो अभिनव शर्मा से बात हुई। बेटी का एमबीबीएस में दाखिले का आश्वासन देते हुए कार्यालय गोमतीनगर विराजखंड बुलाया।

पीड़ित कार्यालय पहुंचा तो संतोष कुमार व अभिनव शर्मा से मुलाकात हुई। बताया कि उनकी कंसल्टेंसी हिंद इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस संस्थान में एमबीबीएस में दाखिला करा देगी। दाखिले के नाम पर तीन किस्तों में 18.25 लाख रुपये ट्रांसफर कराए गए। पीड़ित संतोष कुमार साहू ने बताया कि वे अक्टूबर में कंसल्टेंसी के आफिस पहुंचे तो वहां ताला लटका मिला। शक होने पर पीड़ित ने वेबसाइट चेक की तो वह फर्जी निकली। पीड़ित ने एडीसीपी क्राइम से शिकायत की। शुरुआती जांच में आरोप सही मिलने पर विभूतिखंड पुलिस ने धाेखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इंस्पेक्टर उपेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपियों पर पूर्व में कई मामले थाने और साइबर थाने में दर्ज हैं।

संबंधित समाचार