लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे: गलत दिशा में वाहन चलाने वालों पर सख्ती
एक्सप्रेसवे पर दोपहिया और तिपहिया वाहनों का संचालन प्रतिबंधित
कार्यालय संवाददाता, लखनऊ, अमृत विचार: बंथरा क्षेत्र में हाल ही में हुए सड़क हादसे में दो युवकों की मौत के बाद लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे की सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को लेकर सख्ती बढ़ा दी गई है। इसे लेकर पुलिस और एनएचएआई ने गुरुवार को संयुक्त निरीक्षण किया। इसमें सामने आया कि कई वाहन चालक टोल बचाने के लिए एक्सप्रेसवे पर रिवर्स, अनधिकृत यू-टर्न और रॉन्ग साइड चलने जैसी खतरनाक हरकतें कर रहे हैं। इसे रोकने के लिए प्रवेश बिंदुओं पर बड़े सूचना बोर्ड, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी निगरानी और संयुक्त पेट्रोलिंग की व्यवस्था लागू की जाएगी।
डीसीपी ट्रैफिक रवीना त्यागी के मुताबिक, निरीक्षण के दौरान एडीसीपी ट्रैफिक, एसीपी ट्रैफिक दक्षिणी, थाना बंथरा पुलिस, एनएचएआई के परियोजना निदेशक तथा कंसेशनायर की टीम मौजूद थी। टीम ने दुर्घटनास्थल के साथ एक्सप्रेसवे के प्रवेश-निकास मार्ग, टोल प्लाजा, सर्विस लेन, आपातकालीन कट और सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। दुर्घटना के कारणों की जांच स्थानीय पुलिस कर रही है। डीसीपी यातायात रवीना त्यागी के मुताबिक, दोपहिया और तिपहिया वाहनों को रोकने के लिए प्रवेश बिंदुओं पर बैरिकेडिंग और अतिरिक्त व्यवस्था की जाएगी। एनएचएआई का रूट पेट्रोलिंग वाहन पूरे एक्सप्रेसवे पर लगातार गश्त करेगा, जबकि एक सहायता वाहन प्रमुख प्रवेश बिंदुओं पर तैनात रहेगा। यह टीम यातायात पुलिस और बंथरा पुलिस के साथ मिलकर प्रतिबंधित वाहनों को एक्सप्रेसवे पर प्रवेश करने से रोकेगी।
टोल बचाने के चक्कर में हादसों का खतरा
निरीक्षण में सामने आया कि कई स्थानीय वाहन चालक अनजाने में एक्सप्रेसवे पर चढ़ जाते हैं। आगे टोल प्लाजा और शुल्क की जानकारी मिलने पर कुछ चालक वाहन रिवर्स करने, गलत दिशा में चलने या अवैध यू-टर्न लेने लगते हैं। इससे आमने-सामने की टक्कर जैसी गंभीर दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।
प्रवेश से पहले मिलेगी पूरी जानकारी
एनएचएआई अब एक्सप्रेसवे के सभी प्रवेश बिंदुओं से पहले बड़े सूचना बोर्ड लगाएगा। इनमें दोपहिया और तिपहिया वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध, टोल प्लाजा की दूरी, वाहन श्रेणी के अनुसार टोल शुल्क, निकटतम अधिकृत निकास और बिना टोल वाले वैकल्पिक मार्ग की जानकारी दी जाएगी, ताकि चालक पहले ही सही मार्ग चुन सकें।
सीसीटीवी से होगी तत्काल कार्रवाई
एक्सप्रेसवे के सीसीटीवी कंट्रोल रूम से गलत दिशा में चलने वाले, प्रतिबंधित वाहन, अनधिकृत यू-टर्न या सड़क पर खड़े वाहनों की सूचना तत्काल यातायात पुलिस और स्थानीय पुलिस को दी जाएगी। शुरुआती दौर में बेहतर समन्वय के लिए कंट्रोल रूम में यातायात पुलिस का एक कर्मचारी भी तैनात किया गया है।
दोपहिया चालकों पर जुर्माना
डीसीपी यातायात ने बताया कि एक्सप्रेसवे पर दोपहिया और तिपहिया वाहनों का संचालन प्रतिबंधित है। नियम तोड़ने पर पहली बार 500 रुपये और दोबारा उल्लंघन करने पर 1,500 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। वहीं ओवरस्पीडिंग, रॉन्ग साइड ड्राइविंग और खतरनाक वाहन संचालन के मामलों में न्यायालयीन कार्रवाई के साथ ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित या निरस्त करने की प्रक्रिया भी अपनाई जा सकती है। डीसीपी ट्रैफिक ने वाहन चालकों से अपील की है कि टोल बचाने या रास्ता छोटा करने के लिए कभी भी वाहन रिवर्स न करें, गलत दिशा में न चलें और अनधिकृत यू-टर्न न लें। यदि गलती से एक्सप्रेसवे पर पहुंच जाएं तो निकटतम अधिकृत निकास से बाहर निकलें और जरूरत पड़ने पर पुलिस, टोल कर्मियों या पेट्रोलिंग टीम की सहायता लें।
