राम मंदिर चढ़ावा चोरी कांड में बड़ा खुलासा : अनुकल्प से स्विफ्ट डिजायर, सोने की चेन बरामद, कई खाताधारक पुलिस की रडार पर
चढ़ावा चोरी के तीन आरोपियों की 40 घंटे की रिमांड खत्म, जांच में मिले कई अहम सुराग
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में पुलिस ने 40 घंटे की रिमांड के दौरान आरोपी अनुकल्प मिश्रा की निशानदेही पर चोरी की रकम से खरीदी गई स्विफ्ट डिजायर कार, सोने की चेन और पेंडुलम बरामद किए। जांच में उन कई खाताधारकों की भी पहचान हुई है, जिनके खातों में चोरी के रुपये ट्रांसफर किए गए थे। पुलिस ने करुणेश पांडेय और लवकुश मिश्रा के पैतृक आवासों पर भी छापेमारी की। रिमांड पूरी होने के बाद तीनों आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कर उन्हें जिला कारागार भेज दिया गया।
अयोध्या, अमृत विचार : राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मामले में गुरुवार को पुलिस अनुकल्प मिश्रा की निशानदेही पर कौशलपुरी कॉलोनी से चोरी के पैसे से खरीदी गई एक स्विफ्ट डिजाइर कार, सोने की चेन व पेंडुलम बरामद किया। यहीं नहीं पुलिस ने आरोपियों द्वारा दूसरे के खाते में जो चोरी के रुपये ट्रांसफर किए गए थे, उन खाताधारकों को भी चिह्नित कर लिया गया है। जल्द ही इन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की जाएगी।
मामले की विवेचना कर रहे सीओ अयोध्या आशुतोष तिवारी ने चढ़ावा चोरी के तीन आरोपी अनुकल्प मिश्र, लवकुश मिश्र व करुणेश पांडेय को बुधवार सुबह 40 घंटे की रिमांड पर लिया था। पहले दिन बुधवार को पुलिस ने अनुकल्प की निशानदेही पर उसके इनायतनगर स्थित पैतृक निवास से चंदे की फर्जी रसीदें बरामद की थी। इस पर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का लोगो भी लगा हुआ था।
रिमांड के दूसरे दिन पुलिस ने कौशलपुरी स्थित उसके आवास से चोरी के रुपयों से खरीदी गई एक स्विफ्ट डिजाइर कार जो रवींद्र कुमार पुत्र राजेंद्र प्रसाद निवासी बसावन अयोध्या के नाम पंजीकृत है, बरामद की। यह अनुकल्प का करीबी बताया जा रहा है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पूर्व में आरोपी अविनाश शुक्ला से बरामद ब्रेजा कार व इस स्विफ्ट डिजाइर कार से चोरी के रुपयों को चौदहकोसी परिक्रमा मार्ग स्थित जनौरा कट के पास एक बाग में ले जाया जाता था व यहीं पर आपस में बंटवारा किया जाता था। पुलिस तीनों को यहां पर लेकर गई थी, इसकी पुष्टि आरोपियों द्वारा की गई थी।
लवकुश व करुणेश के पैतृक आवास पर मारा था छापा
पुलिस टीम ने बुधवार देर रात करीब 10:30 बजे आरोपी करुणेश पांडेय के जयराजपुर थाना खंडासा स्थित व लवकुश मिश्रा के ठकुराइन खगोली कोतवाली रुदौली स्थित पैतृक आवास पर छापा मारा था। दोनों घर पर पुलिस करीब आधे घंटे तक तलाशी ली थी। सूत्र बतातें हैं कि पुलिस को यहां से कुछ खास नहीं मिला।
किसके-किसके खाते में पैसा हुआ ट्रांसफर, खाताधारक चिह्नित
रिमांड के दौरान तीनों आरोपियों ने अपने करीबियों के खाते में चोरी के रुपये जमा कराने व ट्रांसफर करने की बात कबूली है। इसमें अनुकल्प सबसे आगे बताया जा रहा है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अनुकल्प ने कुछ माह पूर्व कौशलपुरी में एक भोजपुरी कलाकार से दो मंजिला मकान को करीब 80 लाख में खरीदा था। इनमें से अधिकतर रुपये उसने चार अलग- अलग एकाउंट से ट्रांसफर किए थे। वहीं, उसके द्वारा कराई श्रीमद् भागवत कथा में अधिकांश भुगतान इन्हीं खातों से किए गए थे। फिलहाल पुलिस इन खाताधारकों के करीब पहुंच गई है।
रात 10 बजे आरोपियों को जिला कारागार में दाखिल किया
एंटी करप्शन कोर्ट ने तीनों आरोपियों की 40 घंटे की रिमांड मंजूर की थी। यह रिमांड 8 जुलाई की सुबह 6 बजे से 9 जुलाई की रात 10 बजे तक थी। पुलिस ने रात में तीनों का मेडिकल कराकर जिला कारागार में दाखिल कर दिया।
