Barabanki News: खतरे के निशान से ऊपर बह रही सरयू, तलहटी के गांवों में बढ़ी चिंता
बाराबंकी, अमृत विचार। सरयू नदी का जलस्तर लगातार बढ़ते हुए गुरुवार सुबह खतरे के निशान को पार कर गया। सुबह 10 बजे नदी का जलस्तर 106.130 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान 106.070 मीटर से 6 सेंटीमीटर अधिक है। इसके बाद नदी किनारे और तलहटी के गांवों में बाढ़ की आशंका को लेकर लोगों की चिंता बढ़ गई है। जल संसाधन विभाग के अनुसार नदी का जलस्तर करीब एक सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने बाढ़ चौकियों को सक्रिय कर संवेदनशील गांवों की निगरानी तेज कर दी है।
प्रशासन ने ग्रामीणों से सतर्क रहने, अफवाहों पर ध्यान न देने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए तैयार रहने की अपील की है। संभावित बाढ़ से निपटने के लिए राहत एवं बचाव की सभी तैयारियां पूरी होने का दावा किया गया है। नावों, राहत शिविरों और जरूरी संसाधनों को तैयार रखा गया है। उधर, नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंचने के बाद तलहटी के गांवों में लोगों ने घरेलू सामान और मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने की तैयारी शुरू कर दी है। प्रशासन लगातार जलस्तर पर नजर बनाए हुए है।
