Bareilly News : खुरपका-मुंहपका पर वार, शुरू हुआ टीकाकरण अभियान

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

5.84 लाख पशुओं को लगेगा रोगरोधी टीका, पशुधन मंत्री ने दिखाई हरी झंडी, 1188 ग्राम पंचायतों में चलेगा अभियान, 53 टीमें करेंगी पशुओं का टीकाकरण

बरेली में खुरपका-मुंहपका रोग से बचाव के लिए टीकाकरण अभियान शुरू हो गया है। पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह ने 53 टीमों को हरी झंडी दिखाई।

बरेली, अमृत विचार। राष्ट्रीय पशुरोग नियंत्रण अभियान के तहत बुधवार को खुरपका-मुंहपका रोग टीकाकरण अभियान की शुरुआत हो गई। पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने विकास भवन से टीकाकरण टीमों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने अधिकारियों को अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने और पशुपालकों को अपने पशुओं का टीकाकरण कराने के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए।

इसके बाद विकास भवन सभागार में अपर निदेशक रोग नियंत्रण एवं पशुपालन विभाग डॉ. संगीता तिवारी की अध्यक्षता में बैठक में निर्देश दिए गए कि टीकाकरण माइक्रो प्लान के अनुसार किया जाए और वैक्सीन को 2 से 8 डिग्री सेल्सियस तापमान पर सुरक्षित रखा जाए। पशुओं की टैगिंग और टीकाकरण का डाटा उसी दिन भारत पशुधन ऐप पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में गो आश्रय स्थलों पर संरक्षित गोवंशों की निगरानी बढ़ाने को भी कहा गया। अपर निदेशक ग्रेड-2 पशुपालन विभाग डा. मदन पाल सिंह, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डा. मनमोहन पांडेय, नोडल अधिकारी/उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी सदर डा. ओपी वर्मा, जनपद के समस्त उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, पशु चिकित्सा अधिकारी, पशुधन प्रसार अधिकारी, पैरावेट्स आदि उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार