Gonda News: तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत, ईंट भट्ठे से लौट रहे था मृतक
गोंडा, अमृत विचार। गोण्डा-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर सिकिहा मोड़ के पास गुरूवार को तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि वाहन चालक दुर्घटना के बाद फरार हो गया। मृतक की पहचान 54 वर्षीय बब्लू पुत्र हरिशंकर, निवासी कोंचा कासिमपुर मुरावनपुरवा, कोतवाली करनैलगंज के रूप में हुई है। बताया जाता है कि बब्लू सोनवारा स्थित एक ईंट भट्ठे पर मुंशी का कार्य करते थे।
गुरुवार की सुबह वह किसी काम से बाइक से जा रहे थे, तभी सिकिहा मोड़ के पास तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे की सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल बब्लू को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) करनैलगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा फरार वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है। हादसे से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
