Assam Floods :  41 लोगों की गई जान, संकट में 6.5 लाख से ज्यादा लोग 

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

गुवाहाटी।  असम के 11 जिलों में बाढ़ संबंधी घटनाओं के कारण अब तक 41 लोगों की जान जा चुकी है जबकि 6.50 लाख से अधिक लोग इससे प्रभावित हुए हैं। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि सेना, वायुसेना और अन्य एजेंसियां राहत एवं बचाव कार्यों में जुटी हुई हैं। वहीं दूरदराज इलाकों में फंसे लोगों तक जरूरी सामान पहुंचाने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया जा रहा है।

बाढ़ से जनजीवन अस्त-व्यस्त

उन्होंने बताया कि पूर्वोत्तर राज्य की कई प्रमुख नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा बृहस्पतिवार को गोलाघाट जिले के कुछ सबसे अधिक प्रभावित इलाकों का दौरा करने वाले हैं। इससे पहले बुधवार को मुख्यमंत्री ने पड़ोसी जिलों जोरहाट और शिवसागर में बचाव कार्यों की समीक्षा की थी। उन्होंने प्रभावित लोगों से मुलाकात भी की थी। 

राहत  शिविरों में लाखों लोग 

असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) की ओर से बुधवार देर रात जारी बाढ़ संबंधी बुलेटिन के अनुसार, मंगलवार मध्यरात्रि से अगले 24 घंटे के दौरान बाढ़ संबंधी घटनाओं में 10 लोगों की मौत हो गई जिससे अब तक जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 41 हो गई है। राज्य के 11 जिलों शिवसागर, चराइदेव, धेमाजी, डिब्रूगढ़, गोलाघाट, होजाई, जोरहाट, कामरूप, कामरूप महानगर, कार्बी आंगलोंग और नागांव में 6,53,100 से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले चार दिन के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है। 

ये भी पढ़ें : 
दक्षिण कश्मीर में सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाई, अनंतनाग में लश्कर के आतंकी के घर पर चला बुलडोजर 

संबंधित समाचार