Haldwani News : लापता बुजुर्ग की लाश नहर में मिली..11 जुलाई से थे लापता, मुखानी में दर्ज थी गुमशुदगी

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

लापता बुजुर्ग की लाश ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में एक नहर से हुई बरामद

हल्द्वानी के मुखानी इलाके से 11 जुलाई से लापता 71 वर्षीय बुजुर्ग मोहन राम का शव टीपी नगर स्थित नहर में मिला है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हल्द्वानी, अमृत विचार। मुखानी से लापता बुजुर्ग की लाश ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में एक नहर से बरामद होने के बाद हड़कंप मच गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। 

जानकारी के मुताबिक हिम्मतपुर, बैजनाथ मुखानी निवासी 71 वर्षीय मोहन राम बीते 11 जुलाई को घर से बिना बताए चले गए थे। परिजनों की काफी खोजबीन के बावजूद लापता बुजुर्ग का कोई पता नहीं चल सका। पुलिस ने परिवार की शिकायत के बाद गुमशुदगी लिखी और तलाश जारी रखी। बुधवार देर शाम देवलचौड़ स्थित आनंदपुर के पास एक नहर में लोगों को लाश उतराती मिली। पुलिस को सूचना दी तो टीपी नगर चौकी प्रभारी मनोज कुमार टीम के साथ पहुंचे। मृतक की पहचान मोहन राम के रूप में हुई। घटना के दौरान यहां लोगों की भीड़ लग गई। चौकी प्रभारी के मुताबिक शरीर में चोट जैसे निशान नहीं हैं। मृतक के परिजनों ने पूछताछ में कहा है कि वे मानसिक रूप से भी बीमार थे। गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा। हादसा कहां पर और कैसे हुआ, इसकी भी जांच की जा रही है।

संबंधित समाचार