Barabanki News : नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों को डीएम ने दिलाई शपथ, कहा- आपदा प्रबंधन में निभाएंगे अहम भूमिका

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

मानवीय संकट में आगे आएंगे नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवक: डीएम

डीएम ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं और अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों से उत्पन्न होने वाले मानवीय संकटों में सिविल डिफेंस स्वयंसेवकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।

बाराबंकी, अमृत विचार। यूपी के बाराबंकी में नागरिक सुरक्षा विभाग के एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर कलेक्ट्रेट के लोक सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवकों को कर्तव्यों की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं और अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों से उत्पन्न होने वाले मानवीय संकटों में सिविल डिफेंस स्वयंसेवकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।

उन्होंने चयनित चीफ वार्डन, डिप्टी चीफ वार्डन, स्टॉफ ऑफिसर वार्डन सेवा और सेक्टर वार्डनों को बधाई देते हुए निरंतर सेवा कार्य के लिए प्रेरित किया। जिलाधिकारी ने महादेवा में भीड़ प्रबंधन में स्वयंसेवकों के कार्यों की सराहना की तथा विशेष रूप से बाढ़ प्रभावित तहसीलों में स्वयंसेवकों का नेटवर्क विकसित करने पर जोर दिया, ताकि मौसम परिवर्तन और आपदा संबंधी सूचनाएं समय पर लोगों तक पहुंच सकें। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगान से हुआ।

उपनियंत्रक नागरिक सुरक्षा अनीता प्रताप ने जिलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी और अन्य अधिकारियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान समाजसेवा में योगदान देने वाले कार्यकर्ताओं को सम्मानित भी किया गया। शपथ ग्रहण करने वालों में चीफ वार्डन नवीन सेठ, डिप्टी चीफ वार्डन भूपेंद्र सिंह सैंकी व जतिन गुप्ता, स्टॉफ ऑफिसर वार्डन सेवा रत्नेश कुमार, धर्मेंद्र कुमार वर्मा, शिवानी वर्मा, पूर्णिमा वर्मा और सरिता सिंह सहित 135 सेक्टर वार्डनों ने शपथ ली।

कार्यक्रम में सिविल डिफेंस कार्यालय के लिए भूमि उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी निरंकार सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट गुंजिता अग्रवाल, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, नागरिक सुरक्षा कार्यालय के नीरज कुमार, अंबरीश कुमार, प्रेमवती मौर्या सहित पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्वयंसेवक मौजूद रहे।

संबंधित समाचार