Budaun News : मीठे आम अब पड़े महंगे, सीजन खत्म होते ही बढ़े दाम

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

बाजार में चौसा 100 और लंगड़ा 120 रुपये किलो, मांग ज्यादा सप्लाई कम, आवक घटने और मांग बरकरार रहने से आम के दाम में हुई बढ़ोत्तरी

बदायूं की मंडियों में आम की आवक घटने और मांग बरकरार रहने से दाम दोगुने हो गए हैं। चौसा और लंगड़ा आम की कीमतें 100 से 120 रुपये किलो तक पहुंच गई हैं, जिससे आम प्रेमियों को झटका लगा है। ताज़ा न्यूज़ के लिए पढ़ें अमृत विचार।

बदायूं, अमृत विचार। आम का सीजन अब ढलान पर आ गया है। बाजार में इसकी मिठास अब लोगों की जेब पर भारी पड़ने लगी है। कुछ ही दिनों पहले तक सस्ते दामों में बिकने वाले चौसा और लंगड़ा आम के दाम अचानक बढ़ गए हैं। शहर के प्रमुख बाजारों में चौसा आम 100 रुपये प्रति किलो और लंगड़ा आम 120 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा है, जिससे आम प्रेमियों को झटका लगा है।

शहर के लावेला चौक, नेहरू चौक, सब्जी मंडी के नजदीक आम की खरीदारी करने पहुंचे लोगों को इस बढ़ोतरी का सीधा असर झेलना पड़ रहा है। फल विक्रेता रामऔतार ने बताया कि सीजन अब खत्म होने को है, आवक घटने और मांग बरकरार रहने से प्रमुख किस्मों के दाम में 30 से 70 रुपये प्रति किलो तक की बढ़ोतरी हो गई है। मंडियों से माल कम पहुंच रहा है, जिससे दाम बढ़ना स्वाभाविक है। वहीं एक अन्य दुकानदार शकील अहमद का कहना है कि इस समय लंगड़ा आम की मांग ज्यादा है, लेकिन सप्लाई सीमित होने के कारण इसकी कीमत 120 रुपये किलो तक पहुंच गई है। आम के शौकीन लोगों की मानें तो बढ़े हुए दामों ने उनकी खरीदारी पर असर डाला है। सिविल लाइन एरिया निवासी शैलेंद्र गुप्ता ने बताया कि पहले 50 से 60 रुपये किलो में अच्छा आम मिल रहा था। लेकिन अब दाम दोगुने हो गए हैं। ऐसे में ज्यादा मात्रा में खरीद पाना मुश्किल हो रहा है। वहीं नेकपुर निवासी गृहिणी सीमा देवी ने कहा कि बच्चों के लिए आम लेना जरूरी होता है, लेकिन महंगाई के कारण अब सोच-समझकर खरीदारी करनी पड़ रही है। ककराला रोड स्थिति मंडी में थोक विक्रेता मोहम्मद हनीफ और अनीस कुरैशी ने बताया कि आने वाले दिनों में कीमतों में और इजाफा हो सकता है। आढ़ती रामचंद्र मौर्य ने बताया कि मंडी में आम की आवक लगातार घट रही है और बाहर से आने वाली खेप भी कम हो गई है। अगर यही स्थिति रही तो दाम और बढ़ सकते हैं।

पहले और अब आम की कीमत
चौसा आम कुछ दिन पहले 50 रुपये किलो बिक रहा था अब 100 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। लंगड़ा 120 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है। तोतापरी 80 रुपये, दशहरी 80 से 100 रुपये, फजली 40 से 70 रुपये और सफेदा पहले 50 रुपये बिक रहा था अब 70 रुपये प्रति किलो बिक रहा है।

संबंधित समाचार