अमित शाह का विपक्ष को चैलेंज- चर्चा या हंगामा? राहुल गांधी का जवाब- We Don't Care

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

गृह मंत्री ने कहा- सरकार हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार, विपक्ष आज दोपहर 3 बजे से कल 3 बजे तक चर्चा के लिए स्पीकर को पत्र दे; राहुल गांधी बोले- ‘We Don't Care’

नई दिल्ली: संसद में जारी गतिरोध के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पहली बार मीडिया के सामने आए और विपक्ष पर सदन की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है और विपक्ष चाहे तो आज दोपहर 3 बजे से कल दोपहर 3 बजे तक चर्चा कराई जा सकती है।

अमित शाह ने कहा कि वह किसी भी चर्चा का जवाब देने के लिए तैयार हैं, लेकिन विपक्ष सदन के भीतर चर्चा नहीं चाहता। उन्होंने विपक्ष से सवाल किया कि वह चर्चा चाहता है या हंगामा। गृह मंत्री ने कहा कि अब जनता को तय करने दिया जाए कि कौन चर्चा से भाग रहा है।

‘मैं नियमित रूप से संसद आ रहा हूं’

अमित शाह ने कहा कि संसद का सत्र शुरू होने के बाद से वह नियमित रूप से संसद आ रहे हैं और अपने चैंबर में बैठते हैं। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद विपक्ष सदन की कार्यवाही नहीं चलने दे रहा है।

गृह मंत्री ने कहा कि उन्हें ‘लापता’ और ‘भगोड़े’ जैसे शब्द सुनने को मिल रहे हैं, जबकि वह लगातार संसद आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि सदन की कार्यवाही नहीं चल रही है तो इसमें उनकी क्या भूमिका है।

उन्होंने यह भी कहा कि जहां तक चर्चा का सवाल है, संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि सरकार संबंधित मुद्दे पर पूरी चर्चा के लिए तैयार है।

शाह बोले- ‘आज 3 बजे से कल 3 बजे तक चर्चा करा लें’

अमित शाह ने विपक्ष को चर्चा के लिए समय भी सुझाया। उन्होंने कहा कि आज दोपहर 3 बजे से कल दोपहर 3 बजे तक का समय है और विपक्ष तैयार हो तो इस दौरान चर्चा कराई जा सकती है।

उन्होंने विपक्ष से कहा कि आज दोपहर 2 बजे तक लोकसभा अध्यक्ष को पत्र देकर चर्चा की मांग करे। शाह ने कहा कि सरकार सभी पहलुओं पर चर्चा के लिए तैयार है और वह सदन में मौजूद रहकर सभी की बात सुनेंगे तथा हर बिंदु पर जवाब देंगे।

‘सरकार के पास छिपाने के लिए कुछ नहीं’

गृह मंत्री ने कहा कि मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है। उन्होंने दावा किया कि सरकार किसी भी मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष चर्चा नहीं होने देना चाहता।

अमित शाह ने कहा कि वह इस बात पर भी चर्चा करेंगे कि विपक्ष आखिर चर्चा से क्यों बच रहा था। उन्होंने विपक्ष से कहा कि वह तय करे कि उसे सदन में चर्चा करनी है या फिर हंगामा करना है।

राहुल गांधी का पलटवार- ‘We Don't Care’

वहीं, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की ओर से भी अमित शाह के बयान पर प्रतिक्रिया सामने आई। राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष को अमित शाह के लेक्चर में कोई दिलचस्पी नहीं है और कहा, “We Don't Care.”

राहुल गांधी ने कहा कि जब वह ‘हम’ की बात कर रहे हैं तो उनका मतलब देश की युवा पीढ़ी से है। उन्होंने छात्र प्रदर्शनकारियों को लेकर सरकार से सवाल किए।

राहुल गांधी ने पूछा कि छात्रों पर पैलेट किसने चलाई और छात्रों को कीलों वाली लाठियों से पीटने का आदेश किसने दिया। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि क्या अमित शाह ने बच्चों को गोली मारने का आदेश दिया था। राहुल गांधी ने कहा कि यदि ऐसा आदेश दिया गया था तो गृह मंत्री को इस्तीफा देना चाहिए।

उन्होंने अमित शाह पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह पिछले 20 दिनों से गायब हैं और कहा कि गृह मंत्री में सदन में आने की हिम्मत नहीं है।

अब संसद में चर्चा बनाम हंगामे पर नजर

अमित शाह के चर्चा के खुले प्रस्ताव और राहुल गांधी के पलटवार के बाद संसद में सियासी टकराव और तेज होने के संकेत हैं। सरकार जहां चर्चा के लिए तैयार होने का दावा कर रही है, वहीं विपक्ष की ओर से गृह मंत्री के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। अब नजर इस बात पर रहेगी कि विपक्ष की ओर से चर्चा के प्रस्ताव पर क्या कदम उठाया जाता है और सदन की कार्यवाही आगे किस दिशा में बढ़ती है।

यह भी पढ़ेंः वंदे मातरम् का अपमान अब होगा अपराध : राष्ट्रपति मुर्मू ने विधेयक को दी मंजूरी

संबंधित समाचार