Gonda Road Accident: तेज रफ्तार कंटेनर ने मां-बेटे को रौंदा, मौके पर मौत; गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर किया प्रदर्शन
कौड़िया थाना क्षेत्र के आर्यनगर चौराहे पर देर रात हुए हादसे में तेरहवीं कार्यक्रम में आए परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़। कंटेनर चालक वाहन छोड़कर फरार, पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
गोंडा, अमृत विचार: कौड़िया थाना क्षेत्र के आर्यनगर चौराहे पर बीती देर रात हुए एक हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया। बहराइच की ओर से आ रहे एक अनियंत्रित कंटेनर ने घर के बाहर बैठे मां-बेटे को कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
कटरा बाजार थाना क्षेत्र के गंगादीन पुरवा (वीरपुर) निवासी हरिओम जायसवाल अपनी पत्नी रीता देवी उर्फ खुशबू (32) और 11 वर्षीय बड़े बेटे लकी के साथ अपनी सास के तेरहवीं संस्कार में शामिल होने आर्यनगर स्थित ससुराल आए थे। तेरहवीं का कार्यक्रम खत्म होने के बाद रात मे पूरा परिवार घर के बाहर दरवाजे पर बैठा था। इसी दौरान बहराइच की तरफ से आ रहे एक बेहद तेज रफ्तार कंटेनर का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे दरवाजे की ओर आ गया।
करीब 50 मीटर तक घसीटने का दावा
हरिओम जायसवाल ने छलांग लगाकर किसी तरह अपनी जान बचा ली, लेकिन रीता देवी और मासूम लकी बदकिस्मती से ट्रक की चपेट में आ गए। चश्मदीदों के मुताबिक, बेकाबू ट्रक दोनों को करीब 50 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे में वहां खड़ी एक कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसा इतना भयावह था कि रीता और मासूम लकी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
चालक फरार, ग्रामीणों ने लगाया जाम
हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की खबर फैलते ही पूरे इलाके में कोहराम मच गया। परिजन हालत देख कर देखकर बेसुध हो गए। घटना से आक्रोशित परिजनों और सैकड़ों ग्रामीणों ने शवों को सड़क पर रखकर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। सड़क पर उतरे लोगों ने आरोपी चालक की तत्काल गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को मुआवजा देने और चौराहे पर सुरक्षा उपाय बढ़ाए जाने की मांग को लेकर यातायात ठप कर दिया। पुलिस और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
पुलिस ने दर्ज किया केस, जांच जारी
कौड़िया थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची। अपर पुलिस अधीक्षक राधेश्याम राय तथा क्षेत्राधिकारी करनैलगंज आनंद राय ने आक्रोशित लोगों और परिजनों को समझा-बुझाकर बमुश्किल शांत कराया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
गांव में पसरा सन्नाटा
एक ही परिवार के दो चिराग बुझ जाने से न सिर्फ परिवार बल्कि पूरे गांव में चूल्हे तक नहीं जले। 11 साल के मासूम लकी का इस तरह दुनिया से चले जाना हर किसी की आंखें नम कर गया। घटना से कोहराम मचा हुआ है। पुलिस के देर से पहुंचने के वजह से भी लोग काफी नाराज रहे।
