भरतभूषण तिवारी एनकाउंटर केस में बड़ा एक्शन, गोली मारने के आरोप में  STF जवान अक्षय कुमार गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

45 दिन बाद पुलिस की कार्रवाई, 17 जून की कथित मुठभेड़ में हुई थी भारत भूषण तिवारी की मौत

भोजपुर मुठभेड़ केस में बड़ा एक्शन, भारत भूषण तिवारी की मौत के मामले में एसटीएफ जवान गिरफ्तार

आरा। भोजपुर जिले में कथित पुलिस मुठभेड़ के दौरान भारत भूषण तिवारी की मौत के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। घटना के करीब 45 दिन बाद पुलिस ने विशेष कार्य बल (एसटीएफ) के एक जवान को गिरफ्तार किया है। जवान पर मुठभेड़ के दौरान भारत भूषण तिवारी को गोली मारने का आरोप है। भोजपुर के पुलिस अधीक्षक राज ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि एसटीएफ जवान को शुक्रवार सुबह आरा से गिरफ्तार किया गया। हालांकि पुलिस ने गिरफ्तार जवान की पहचान सार्वजनिक नहीं की है।

17 जून को हुई थी कथित मुठभेड़ में मौत

मामला शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौती गांव निवासी भारत भूषण तिवारी से जुड़ा है। उनकी 17 जून को कथित पुलिस मुठभेड़ के दौरान मौत हो गई थी। घटना के बाद बिहार पुलिस ने एक थाना प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया था। यह कार्रवाई उस कथित वीडियो के सामने आने के बाद की गई थी, जिसमें एक हथियारबंद संदिग्ध सुरक्षाकर्मियों की ओर पिस्तौल ताने नजर आ रहा था। आरोप लगाया गया था कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने समय रहते जरूरी कार्रवाई नहीं की।

न्यायिक जांच का हुआ था ऐलान

मामले की गंभीरता को देखते हुए बिहार सरकार ने 20 जून को मुठभेड़ की न्यायिक जांच कराने की घोषणा की थी। वहीं, भारत भूषण तिवारी की मां की ओर से 22 जून को दिए गए आवेदन के आधार पर शाहपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच आगे बढ़ा रही है और गिरफ्तार एसटीएफ जवान से पूछताछ की जा रही है।

ये भी पढ़ें : 
Bhiwandi Building Collapse : भिवंडी में चार मंजिला इमारत का हिस्सा ढहा, 7 लोगों की मौत; मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका

संबंधित समाचार