लखीमपुर खीरी : पांच दिन से लापता ऑटो चालक, पुलिस के हाथ खाली; अपहरण की आशंका पर भी सिर्फ गुमशुदगी दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

भंसड़िया रेलवे क्रॉसिंग के पास लावारिस मिला ऑटो, बैटरी भी गायब

लखीमपुर खीरी के फरधान क्षेत्र से 31 वर्षीय ऑटो चालक विनीत 5 दिन से लापता है। उसका लावारिस ऑटो रेलवे क्रॉसिंग के पास मिला है जिसकी बैटरी भी गायब है। परिजनों ने अपहरण की आशंका जताई है, लेकिन पुलिस ने केवल गुमशुदगी दर्ज कर पल्ला झाड़ लिया है।

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। तीन अगस्त से लापता ऑटो चालक का पांच दिन बाद भी कोई सुराग नहीं लग सका है। परिजनों ने अपहरण की आशंका जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है, लेकिन आरोप है कि कोतवाली पुलिस ने सिर्फ गुमशुदगी दर्ज कर मामले से पल्ला झाड़ लिया। इस बीच चालक का ऑटो भंसड़िया रेलवे क्रॉसिंग के पास लावारिस हालत में मिलने से मामला और भी संदिग्ध हो गया है।

थाना फरधान क्षेत्र के गांव सूरज सराय निवासी पंकज कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका 31 वर्षीय भाई विनीत कुमार तीन अगस्त की सुबह करीब आठ बजे ऑटो चलाने के लिए लखीमपुर आया था। शाम तक घर न लौटने पर परिजनों ने संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसका मोबाइल फोन बंद मिला। काफी तलाश के बाद भी कोई जानकारी न मिलने पर उन्होंने पुलिस से शिकायत की।

परिजनों का कहना है कि उसी दिन भंसड़िया रेलवे क्रॉसिंग के पास विनीत का ऑटो लावारिस हालत में मिला, जिसकी बैटरी भी गायब थी। उनका आरोप है कि यह घटना अपहरण की ओर इशारा करती है, लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेने के बजाय केवल गुमशुदगी दर्ज कर औपचारिकता पूरी कर दी। पांच दिन बीतने के बाद भी न तो विनीत का कोई सुराग मिल सका है और न ही मामले में किसी ठोस कार्रवाई की जानकारी परिजनों को दी गई है।

परिजनों ने पुलिस प्रशासन से मामले की अपहरण के एंगल से जांच कर विनीत का जल्द से जल्द पता लगाने की मांग की है।

ये भी पढ़ें - यूपी में अगले 24 घंटे भारी बारिश का अलर्ट, 17 जिलों में भारी वर्षा के आसार; IMD ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट

संबंधित समाचार